Oct 12, 2026 Login
Awaaz24x7-government

गुड़ मॉर्निंग इंडिया: यूपी में दूसरी बार सीएम पद की शपथ लेकर इतिहास रचेंगे योगी! फिर महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल, उत्तराखंड में प्यार का ख़ौफ़नाक अंत

Good Morning India: Yogi will create history by taking oath as CM for the second time in UP! Petrol and diesel become expensive again, the dreadful end of love in Uttarakhand

नमस्कार दोस्तो, गुड़ मॉर्निंग इंडिया लेकर हम एक बार आपके समक्ष प्रस्तुत हैं। आइए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। आज यूपी में योगी आदित्यनाथ दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इस दौरान मोदी समेत भाजपा के तमाम दिग्गज रहेंगे मौजूद। वहीं आज  पांच राज्यों में करारी हार के बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी हरियाणा जाएंगे और वहां वरिष्ठ नेताओं के साथ करेंगे मीटिंग। उधर आज पाकिस्तान में सियासी घमासान के बीच इमरान खान सरकार के खिलाफ आज विपक्ष अविश्वास प्रस्ताव लाएगा।
अब अभी तक कि बड़ी खबरों पर नजर डालते हैं। योगी आदित्‍यनाथ आज दूसरी बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह अटल बिहारी वाजपेयी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होगा। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत भाजपा शासित राज्यों के CM और डिप्टी CM भी मौजूद रहेंगे। योगी कैबिनेट में 40 से 45 मंत्री बनाए जाने की संभावना है। राज्य में 37 साल में पहली बार किसी CM ने दोबारा पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी की है।
उधर पेट्रोल-डीजल के दाम हफ्ते में तीसरी बार बढ़ाए गए हैं। शुक्रवार को तेल कंपनियों ने एक दिन की राहत के बाद पेट्रोल की कीमत 80 पैसे और डीजल की 75 पैसे बढ़ा दी है। नई दरें आज से ही लागू हो गई है। अब दिल्ली में पेट्रोल 97.81 रुपए/लीटर और डीजल 89.07 रुपए/लीटर मिल रहा है।
वहीं पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के खिलाफ आज संसद में अविश्वास प्रस्ताव लाया जाएगा। मौजूदा हालात देखते हुए इमरान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पास होने के आसार ज्यादा हैं। बताया जा रहा है कि संसद के कुल 342 सांसदों में से 187 इमरान के खिलाफ हैं, जो कि सरकार गिराने के लिए काफी हैं। कुर्सी बचाने की आखिरी कोशिश के तौर पर इमरान ने 27 मार्च को एक मेगा रैली करने का ऐलान किया है।
इधर रूस और यूक्रेन के बीच जंग को एक महीना हो चुका है। यूक्रेन ने एक रूसी शिप ओर्स्क को तबाह कर दिया है। यह मारियुपोल में रूसी सैनिकों को हथियार पहुंचा रही थी। पुतिन सरकार ने युद्ध को लेकर फेक न्यूज फैलाने के आरोप में गूगल न्यूज सर्विस को बैन कर दिया है। इधर, गुरुवार को NATO समिट के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने यूक्रेन के 1 लाख लोगों को शरण देने की घोषणा की है। जंग में पहली बार NATO की सीधी एंट्री के भी आसार नजर आ रहे हैं।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं। पुष्कर सिंह धामी सरकार ने उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (यूनिफार्म सिविल कोड) लागू करने का संकल्प लिया है। मंत्रिमंडल की गुरुवार को पहली बैठक में मुख्यमंत्री की चुनाव पूर्व की गई इस घोषणा को मूर्त रूप देने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान में मिले अधिकार का उपयोग करते हुए सरकार यह कदम उठा रही है।
इधर रुड़की के कलियर में प्‍यार का खौफनाक अंत देखने को मिला है। यहां प्रेमी ने होटल में ले जाकर प्रेमिका की हत्‍या कर दी और सूटकेस में शव को ठिकाने लगाने को जाने लगा तो सारा मामला सामने आ गया।