Good Morning India: 9 महीने बाद धरती पर लौटीं सुनीता विलियम्स! वोटर आईडी और आधार को लिंक करने की तैयारी, उत्तराखंड में कैबिनेट विस्तार की उल्टी गिनती शुरू

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए अभी तक की प्रमुख खबरों और कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। शुरुआत आज की उन खबरों से करते हैं जिनपर सभी की नजर रहेगी। आज केंद्र सरकार और किसानों के बीच चंडीगढ़ में 7वीं बैठक होगी। किसान सभी फसलों पर MSP की गारंटी समेत 13 मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं आज RJD चीफ लालू यादव को ED ने लैंड फॉर जॉब मनी लॉन्ड्रिंग केस में पूछताछ के लिए बुलाया है। लालू, राबड़ी समेत सभी 9 आरोपी जमानत पर हैं।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) पर फंसे एस्ट्रोनॉट सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर 9 महीने (286) बाद धरती पर लौटे। उन्होंने इलॉन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स के ‘ड्रैगन’ स्पेसक्राफ्ट से वापसी की। ड्रैगन कैप्सूल में क्रू-9 के दो और एस्ट्रोनॉट निक हेग और अलेक्जेंडर गोरबुनोव भी सवार थे। चारों एस्ट्रोनॉट्स 17 घंटे की यात्रा के बाद फ्लोरिडा के तट पर लैंड हुए। सुनीता और बुच बोइंग 6 जून 2024 को NASA के 8 दिन के जॉइंट ‘क्रू फ्लाइट टेस्ट मिशन’ पर स्पेस स्टेशन गए थे, लेकिन स्टारलाइनर के थ्रस्टर में खराबी की वजह से उन्हें वहीं रुकना पड़ा। रूसी एस्ट्रोनॉट वालेरी पोल्याकोव के नाम अंतरिक्ष में सबसे लंबे समय तक लगातार रहने का रिकॉर्ड है, उन्होंने 8 जनवरी 1994 से 22 मार्च 1995 तक मीर स्पेस स्टेशन पर 437 दिन बिताए थे। वहीं ISS पर एक बार में सबसे ज्यादा (371 दिन) समय तक रहने का रिकॉर्ड फ्रैंक रूबियो के नाम है।
इधर केंद्र वोटर आईडी और आधार को लिंक करने की तैयारी कर रहा है। इसे लेकर चुनाव आयोग और यूनीक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (UIDAI) के अफसरों की बैठक हुई। अब जल्द ही इस पर एक्सपर्ट की राय ली जाएगी। देश के सभी राजनीतिक दलों से भी 30 अप्रैल 2025 तक सुझाव मांगे गए हैं।
उधर नागपुर में औरंगजेब का पुतला जलाने पर हुई हिंसा के बाद 11 इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया गया है। 50 से ज्यादा उपद्रवियों को अरेस्ट किया गया है। 17 मार्च को हुई हिंसा में दंगाइयों ने 12 बाइक, कई कारें और 1 JCB जला दी। 3 DCP समेत 33 पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद संभाजीनगर में औरंगजेब की कब्र की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
इधर सोने-चांदी की कीमत ऑल टाइम हाई पर पहुंच गई है। 1 किलो चांदी ₹633 महंगी होकर ₹1,00,400 प्रति किलो में बिक रही है। वहीं 10 ग्राम सोने का दाम ₹253 बढ़कर ₹88,354 हो गया है। इस साल सोना 92 हजार प्रति 10 ग्राम तक जा सकता है। 1 जनवरी से अब तक 3 महीने में ही सोना 12,192 रुपए महंगा हो चुका है। 2024 में सोना 12,810 रुपए महंगा हुआ था।
उधर पुणे: महाराष्ट्र के पुणे से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक दोस्त ने ही अपने दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी और उसके शव के टुकड़े करके उन्हें दो कुओं में फेंक दिया। पुलिस ने शव को बरामद कर लिया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
इधर अयोध्या में रामनवमी से पहले ट्रस्ट ने राम मंदिर की नई तस्वीरें जारी कीं। फर्स्ट फ्लोर पर राम दरबार की स्थापना के लिए सफेद संगमरमर का सिंहासन बनकर तैयार है। ग्राउंड फ्लोर की ही तरह फर्स्ट फ्लोर पर सिंहासन बनाया गया है। राम दरबार के गर्भगृह में मकराना के सफेद पत्थरों से भव्य नक्काशी की गई है।
उधर इजराइल ने गाजा में फिर से एयर स्ट्राइक शुरू कर दी है। मंगलवार को इजराइली स्ट्राइक्स में 413 फिलिस्तीनी मारे गए। इसी के साथ 19 जनवरी को हमास-इजराइल के बीच हुआ 2 महीने पुराना सीजफायर टूट गया। हमास का कहना है कि इजराइली बंधकों का जिंदा बचना मुश्किल है। दरअसल, हमास की कैद में 59 इजराइली बंधक हैं।
इधर यूक्रेन जंग को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के बीच फोन पर 90 मिनट बात हुई, जिसमें पुतिन ने लिमिटेड सीजफायर पर सहमति जताई। इसके तहत रूस 30 दिन तक यूक्रेन के एनर्जी और इन्फ्रास्ट्रक्चर ठिकानों को निशाना नहीं बनाएगा। बशर्ते यूक्रेन भी रूस के एनर्जी ठिकानों पर हमला नहीं करेगा।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, उत्तराखंड में कैबिनेट विस्तार की चर्चाओं के बीच बड़ी खबर सामने आई है। प्रेमचंद अग्रवाल के इस्तीफे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट दिल्ली रवाना हुए हैं। बताया जा रहा है कि इन दोनों के अलावा बीजेपी के कई विधायकों ने भी दिल्ली की दौड़ लगाई हैं। ऐसे में फिर से कयास लगाए जाने लगे है कि हाईकमान से हरी झंडी मिलते ही उत्तराखंड में कैबिनेट का विस्तार किया जाएगा।
इधर उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में आज (बुधवार) को बारिश होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ समेत कुछ अन्य जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है।
उधर पूर्व विधायक चैंपियन की जमानत याचिका मंजूर हो गई। बुधवार को उनकी जेल से रिहाई को देखते हुए पुलिस ने रुड़की में सुरक्षा का पहरा बढ़ा दिया है। पुलिस ने दोनों के कैंप कार्यालय पर आने-जाने वाले समर्थकों पर भी पैनी नजर रखना शुरू कर दी है। साथ ही सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है।
इधर चमोली के कर्णप्रयाग में पंचपुलिया अलकनंदा नदी के दूसरे छोर पर मंगलवार को एक शव मिला। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस, जल पुलिस और डीडीआरएफ ने शव को नदी से निकालकर मोर्चरी में रखवाया। पुलिस शव की शिनाख्त में जुटी है।
उधर प्रदेश में एक अप्रैल से यूनिफाइड पेंशन योजना (यूपीएस) लागू होगी। मंगलवार को शासन ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। उधर, कर्मचारी संगठनों ने इसका विरोध जताते हुए छलावा करार दिया है।
इधर उत्तराखंड में शराब की दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया में आबकारी विभाग ने आंशिक संशोधन किया है। इसके तहत फुटकर शराब की दुकानों के नवीनीकरण के बाद बची दुकानों के आवंटन के लिए 20 मार्च से 24 मार्च तक लॉटरी प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा। जिन दुकानों के लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं होगा, उन्हें लॉटरी के माध्यम से लाइसेंस आवंटित किया जाएगा।