गुड़ मॉर्निंग इंडिया: श्रीलंका में भुखमरी जैसे हालात, चावल 500 तो चीनी 290 रुपए किलो! यूपी पुलिस की राह पर चलने लगी उत्तराखंड पुलिस
नमस्कार दोस्तो, आवाज 24x7 गुड़ मॉर्निंग इंडिया लेकर एक बार फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है।आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। आज केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान प्रधानमंत्री मोदी से मिलेंगे। वहीं आज पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बीरभूम के हिंसा प्रभावित रामपुरहाट जाएंगी। उधर आज राष्ट्रपति कोविंद दो दिन के दौरे पर गुजरात जाएंगे, वहां वे विधानसभा को संबोधित करेंगे।
अब अभी तक बड़ी खबरों पर नजर डालते हैं। देश में 31 मार्च से मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग को छोड़कर कोरोना की सभी पाबंदियां खत्म हो जाएंगी। गृह मंत्रालय के मुताबिक अब कोरोना के हालात काबू में हैं। इसे रोकने लिए डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट लागू करने की जरूरत नहीं है। हालांकि लोगों से अभी अलर्ट रहने के लिए कहा गया है। अगर केस दोबारा बढ़ते हैं तो सभी राज्य और केंद्र शासित प्रदेश अपने स्तर पर नियम लागू कर सकेंगे।
उधर तेल कंपनियों ने लगातार दूसरे दिन बुधवार को इनके रेट बढ़ा दिए। देश में सबसे सस्ता पेट्रोल पोर्ट ब्लेयर में 84.30 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है। यहां डीजल का रेट 78.52 रुपए है। महाराष्ट्र के परभणी में पेट्रोल सबसे ज्यादा 114.80 रुपए लीटर और डीजल 97.44 रुपए लीटर बिक रहा है। आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल 20 रुपए लीटर तक महंगे हो सकते हैं।
उधर उत्तर प्रदेश में 37 वर्ष बाद सत्ता में लगातार दूसरी बार वापसी का इतिहास रचने वाले योगी आदित्यनाथ गुरुवार को फिर विधायक दल के नेता चुने जाएंगे। दोबारा सत्ता की कमान योगी के ही हाथ में होगी, यह पहले से तय है, लेकिन इसकी औपचारिक घोषणा केंद्रीय पर्यवेक्षक बनाए गए गृहमंत्री अमित शाह, सह-पर्यवेक्षक रघुवर दास और प्रदेश चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान की मौजूदगी में होने वाली भाजपा विधायक दल की बैठक में होगी।
इधर श्रीलंका में महंगाई लोगों को भुखमरी की ओर धकेल रही है। यहां एक किलो शक्कर 290 रुपए की, एक किलो चावल 500 रुपए का और 400 ग्राम दूध 790 रुपए में मिल रहा है। देश दिवालिया होने की कगार पर है, इसलिए नाउम्मीद हो चुके कुछ परिवार अवैध तरीके से भारत आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि भारत लाने के बदले मछुआरों ने उनसे 50 हजार से 3 लाख रुपए तक ले लिए।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं। उत्तराखंड पुलिस भी अब सख्ती के मामले में यूपी पुलिस की राह पर चल पड़ी है। पुलिस कर्मी पर जानलेवा हमला करने वाले फरार आरोपितों के खिलाफ पुलिस कुर्की की कार्रवाई की तैयारी में जुट गई है। पुलिस ने न्यायालय से गैर जमानती वारंट लेने की तैयारी के साथ कुर्की की कार्रवाई की शुरुआत कर दी है। पुलिस की तीन टीमें आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही हैं।