गुड़ मॉर्निंग इंडिया: देश में ओमिक्रोन ब्लास्ट, एक दिन में मिले 18 केस! उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी ने बढ़ाई ठंडक
नमस्कार दोस्तो आवाज के गुड़ मॉर्निंग इंडिया में आपका पुनः स्वागत है। आज कि प्रमुख खबरों पर नजर डालते हैं। आज रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन एक दिन की यात्रा पर भारत आ रहे हैं। वे PM मोदी से भी मिलेंगे। वहीं वैक्सीनेशन पर बने टेक्निकल एडवाइजरी ग्रुप के कोविड-19 वर्किंग ग्रुप की बैठक आज 11 बजे होगी। उधर दिल्ली हाई कोर्ट रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर की भुगतान से जुड़ी याचिका पर सुनवाई करेगा। वहीं भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुंबई में चल रहे दूसरे टेस्ट में चौथे दिन का खेल होगा।
अब बड़ी खबरों कि तरफ रुख करते हैं। भारत में ओमिक्रोन के मामले लगातार मिल रहे हैं। बीते रोज एक ही दिन में ओमिक्रॉन के 18 केस मिले हैं। इनमें राजस्थान में सबसे ज्यादा 9 मरीज हैं। यहां एक परिवार के 4 सदस्य दक्षिण अफ्रीका से लौटे थे। उनके संपर्क में आए 5 और लोगों में ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई है। इसके अलावा महाराष्ट्र में 8 लोगों में नया वैरिएंट मिला है। दिल्ली में भी एक मरीज इससे संक्रमित मिला। अब देश के 5 राज्यों में इस वैरिएंट के 22 केस हो गए हैं।
उधर मनी लॉन्ड्रिंग मामले को लेकर बॉलीवुड एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडीज को मुंबई एयरपोर्ट पर विदेश जाने से रोक दिया गया। वह सलमान खान के 'द-बैंग' टूर के लिए रियाद जा रहीं थीं। जैकलीन फर्नांडिस से 200 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग केस में पूछताछ चल रही है। यह मामला धोखाधड़ी केस में फंसे सुकेश चंद्रशेखर से जुड़ा है। इसी सिलसिले में उन्हें रोका गया है। इस मामले में ED एक्ट्रेस नोरा फतेही से भी पूछताछ कर चुकी है।
अब उत्तराखंड की प्रमुख खबरों पर नजर डालते हैं। प्रदेश में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। बीते रोज राजधानी दून समेत अन्य मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि गंगोत्री-यमुनोत्री समेत अन्य चोटियों पर भी बर्फबारी का दौर जारी है। मसूरी में देर शाम बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज सोमवार को कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, 2500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात की संभावना है।