Good Morning India: श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत की फजीहत ने बना दिया रिकॉर्ड,ब्रूक-सॉल्ट के दम पर जीता इंग्लैंड,अमेरिका ने ईरान के 170 ठिकानों पर किया हमला,चाबहार बंदरगाह पर विस्फोट,तो वही आज उत्तराखंड के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना,रेट अलर्ट जारी,लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें
नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम 'गुड मॉर्निंग इंडिया' लेकर एक फिर आपके समक्ष हाजिर है। आईए शुरुआत करते हैं उन सुर्खियों के साथ, जो आज पूरे दिन चर्चा में रहने वाली हैं। चीनी आक्रामकता से निपटने की तैयारी,विमानों की तैनाती, जहाजों की मरम्मत,हिंद-प्रशांत में रणनीतिक कवच मजबूत। मेलबर्न क्रिकेट मैदान में पीएम मोदी, पहली बार भारत में बीबीएल कराने का एलान। अमेरिका ने ईरान के 170 ठिकानों पर किया हमला, चाबहार बंदरगाह पर विस्फोट तेहरान ने भी दिया जवाब। सितारों से सजी राघव जुयाल की बर्थडे पार्टी, आर्यन खान भी हुए शामिल, शहनाज के साथ हाथ थामे दिखे ‘किल’ के एक्टर। डीजे पर गाना बजाने को लेकर बवाल, शादी समारोह में मचा खूनी संघर्ष; वाहन की चपेट में युवक की मौत, कई घायल। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत की फजीहत ने बना दिया रिकॉर्ड,ब्रूक-सॉल्ट के दम पर जीता इंग्लैंड। सावधान!आज उत्तराखंड के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना, रेट अलर्ट जारी। उत्तराखंड में आईएफएस अफसरों के लिए तय हुई नई जिम्मेदारी, सीएसबी में पहुंची लिस्ट पर लगी मुहर। खटीमा में मारपीट और फायरिंग मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार, तमंचा और जिंदा कारतूस किया बरामद
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं,प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष एंथनी अल्बनीज की मौजूदगी में तीसरे भारत-ऑस्ट्रेलिया वार्षिक शिखर सम्मेलन के दौरान जारी संयुक्त रक्षा घोषणापत्र हिंद-प्रशांत और दक्षिण चीन सागर में चीन की आक्रामक सैन्य विस्तारवादी नीति का माकूल जवाब है। समुद्र में चीन के बढ़ते नौसैनिक जहाजों के जवाब में दोनों देशों ने इस समझौते के तहत बेहद व्यावहारिक कदम उठाया है। मैरीटाइम सिक्योरिटी कोलैबोरेशन रोडमैप के जरिये दोनों देश जहाजों के निर्माण, मरम्मत और रखरखाव में भी आगे बढ़ेंगे। दोनों देशों के बीच बनी सहमति के तहत भारतीय और ऑस्ट्रेलियाई नौसेना के जहाज जरूरत पड़ने पर एक-दूसरे के बंदरगाहों पर मरम्मत और ईंधन की सुविधाएं ले सकेंगे। भारत की भौगोलिक स्थिति और ऑस्ट्रेलिया के विशाल समुद्री क्षेत्र का यह संगम मलक्का स्ट्रेट से लेकर पूरे हिंद-प्रशांत क्षेत्र तक बीजिंग के बढ़ते कदमों के खिलाफ एक मजबूत रणनीतिक अवरोध खड़ा करता है। एक-दूसरे के क्षेत्रों से सैन्य विमानों की तैनाती का और जहाजों की मरम्मत का फैसला चीन की भारत को घेरने की स्ट्रिंग ऑफ पर्ल्स नीति का सीधा जवाब है। इसके तहत अब नौसेना और वायुसेना को दक्षिण प्रशांत क्षेत्र तक और ऑस्ट्रेलियाई सेना को मलक्का जलडमरूमध्य के मुहाने तक सीधी पहुंच और लॉजिस्टिक्स सपोर्ट मिल जाएगा। चीन की नौसैनिक दादागिरी पर अंकुश लगाने के लिए भारत और ऑस्ट्रेलिया ने यह बड़ा रणनीतिक कवच तैयार किया है।
उधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज ऑस्ट्रेलिया दौरे के दूसरे दिन मेलबर्न क्रिकेट स्टेडियम पहुंचे। पीएम मोदी ने स्टेडियम में मौजूद खिलाड़ियों और अन्य लोगों के साथ भी गर्मजोशी से मुलाकात की। ऑस्ट्रेलिया के बाद पीएम मोदी न्यूजीलैंड दौरे पर रवाना होंगे। पीएम मोदी ने मेलबर्न स्टेडियम में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भारत में बिगबैश लीग कराने का एलान भी किया। भारत पहली बार बिग बैश लीग (BBL) के मैचों की मेजबानी करेगा। ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने कहा कि भारत में पहली बार बिग बैश लीग का मैच 12 दिसंबर को चेन्नई में कराया जाएगा। चेन्नई के क्रिकेट ग्राउंड- चेपॉक में बिग बैश लीग का पहला मुकाबला खेला जाएगा।
वही इधर अमेरिका और ईरान के बीच गुरुवार को संघर्ष और भीषण स्तर पर पहुंच गया। अमेरिकी सेना ने अप्रैल के बाद पहली बार ईरान के रणनीतिक पुलों पर हमला किया। इसके साथ ही ईरान के रणनीतिक महत्व के चाबहार बंदरगाह, बुशहर परमाणु संयंत्र के आसपास और बंदर अब्बास क्षेत्र में भी विस्फोटों की खबरें आईं। चाबहार पर हमले से वहां बिद्युत व्यवस्था ठप हो गई और अंधेरा छा गया। जवाब में ईरान ने बहरीन, कुवैत, जॉर्डन और कतर में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन से हमला किया। लगातार दूसरे दिन हुई सैन्य कार्रवाई के बाद पिछले महीने हुआ युद्धविराम लगभग बेअसर होता दिख रहा है। अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतें भी 78 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई हैं, जो समझौते के बाद 72 डॉलर तक आ गई थीं।
उधर अमेरिका-इजरायल हमलों में मारे गए ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई को गुरुवार को मशहद स्थित शिया समुदाय के पवित्र इमाम रेजा दरगाह में पूरे राजकीय सम्मान के साथ सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। उनके अंतिम विदाई के साथ ही पिछले एक सप्ताह से चल रहे शोक समारोह, जुलूस और श्रद्धांजलि कार्यक्रम संपन्न हो जाएंगे। हालांकि, इस दौरान उनके उत्तराधिकारी बेटे मोजतबा खामेनेई नजर नहीं आए। अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी भारी भीड़ के कारण अंतिम विदाई की रस्में कई घंटे तक टालनी पड़ीं। हजारों लोग तड़के से ही सड़कों, मस्जिदों और दरगाह परिसर में जुट गए थे। काले कपड़ों में पहुंचे शोकाकुल लोग खामेनेई के समर्थन और उनकी हत्या का बदला लेने के नारे लगा रहे थे। भीषण गर्मी के बीच श्रद्धालुओं के लिए पानी और अन्य व्यवस्थाएं की गईं।
इधर पहले डांसर और अब बतौर एक्टर निखर के सामने आने वाले राघव जुयाल की बर्थडे पार्टी में कई बड़े स्टार शामिल हुए। पार्टी से जुड़े कई वीडियोज सामने आए हैं, जिसमें शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान और शहनाज गिल भी नजर आ रही हैं। राघव जुयाल आज 10 जुलाई को अपना जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर उन्होंने एक शानदार पार्टी का आयोजन किया, जिसमें कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा, अमन गुप्ता, रवि दुबे, सरगुन मेहता और रणवीर अल्लाहबादिया नजर आए। पार्टी से जुड़े वीडियो सामने आए हैं, जिसमें सभी स्टार्स इंजॉए करते नजर आ रहे हैं। पार्टी से जुड़ा एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें आर्यन खान भी नजर आ रहे हैं। वीडियो में राघव जुयाल की रूमर्ड गर्लफ्रेंड भी नजर आईं। दोनों को एक दूसरे का हाथ थामे देखा जा सकता है।
वीडियो के बाद से अब दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाएं होनी शुरू हो गई है। इससे पहले भी दोनों के रिलेशनशिप में होने के रूमर्स सामने आए हैं। हालांकि अभी तक दोनों में से किसी ने इसपर कोई बयान नहीं दिया है।
उधर बिहार के अररिया जिले के फारबिसगंज में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब डीजे पर गाना बजाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मारपीट और अफरा-तफरी के बीच डीजे वाहन की चपेट में आने से वधू पक्ष के एक युवक की मौत हो गई, जबकि दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद शादी की खुशियां पलभर में गम में बदल गईं। जानकारी के अनुसार, फारबिसगंज शहर के गोढ़ियारे वार्ड संख्या-19 निवासी राजकुमार राय की पुत्री की शादी सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड के सिमराही बाजार निवासी विकास कुमार से तय थी। बुधवार देर रात बारात गोढ़ियारे पहुंची थी। दरवाजा लगने की रस्म से पहले गोढ़ियारे चौक के समीप डीजे पर गाना बजाने को लेकर बारातियों और स्थानीय लोगों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
इधर श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत को इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टी20 मैच में भी करारी हार का सामना करना पड़ा है। इंग्लैंड ने यह मैच जीतकर पांच मैचों की टी20 सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है। सूर्यकुमार यादव को कप्तानी से हटाने के बाद श्रेयस अय्यर को इस उम्मीद से कप्तानी दी गई थी कि वह आईपीएल की सफलता को इंटरनेशनल क्रिकेट में भी जारी रखेंगे। टीम को नए आयाम पर ले जाएंगे और भारत की बादशाहत को जारी रखेंगे। अभी तक हुआ इससे ठीक उलटा है। अय्यर की कप्तानी में भारत ने पांच मैच खेल लिए हैं और जीत का स्वाद नहीं चखा है बल्कि ऐसा काम कर दिया है जो पिछले छह साल से नहीं हुआ था। इस शर्मनाक रिकॉर्ड की बुनियाद में है आयरलैंड का दौरा और अंजाम मिला ब्रिस्टल में इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए चौथे टी20 मैच में। इस मैच में इंग्लैंड ने भारत को नौ विकेट से धूल चटा दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए टी20 की विश्व विजेता भारतीय टीम की तूफानी बल्लेबाजी सात विकेट खोकर 158 रन ही बना पाई। मेजबान इंग्लैंड ने 13.5 ओवरों में ही ये टारगेट महज एक विकेट खोकर हासिल कर लिया।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं। उत्तराखंड में भारी बारिश का दौर जारी है। लगातार हो रही बारिश से प्रदेश के कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हो गया है। कई संपर्क मार्क मलबा और बोल्डर गिरने से बार-बार बाधित हो रहे हैं। जिससे लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। उत्तराखंड मौसम विभाग ने मौसम विभाग ने आज कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। ऊधम सिंह नगर, नैनीताल और चंपावत जनपदों में कहीं-कहीं गरज व चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है. जिसके लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं देहरादून , हरिद्वार, पौड़ी एवं बागेश्वर जनपदों में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। यहां के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है। जबकि राज्य के शेष जिलों में गरज के साथ भारी बारिश होने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून मौसम केंद्र के अनुसार आज प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश हो सकती है, जिसके लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया। भारी बारिश को देखते हुए चंपावत, उधम सिंह नगर, हरिद्वार, पिथौरागढ़, नैनीताल, चमोली, देहरादून और पौड़ी गढ़वाल में आज एक से लेकर 12वीं तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है।
उधर उत्तराखंड में भारतीय वन सेवा के अधिकारियों को जल्द नई जिम्मेदारी मिलने जा रही है। इसके लिए मुख्य सचिव आनंद वर्धन की अध्यक्षता में सिविल सर्विस बोर्ड (सीएसबी) की बैठक आहूत की गई, जिसमें होमवर्क के बाद तैयार की गई लिस्ट पर अंतिम मुहर लगा दी गई। खास बात ये है कि तबादला सूची लंबी होने के बावजूद काफी कम समय में ही सभी नामों पर सहमति दे दी गईं। उत्तराखंड वन विभाग की बहूप्रतीक्षित तबादला सूची अब जल्द सबके सामने होगी। दरअसल, राज्य भर में भारतीय वन सेवा के अधिकारियों की नई पोस्टिंग के लिए विचार किया गया है। जिसमें विभिन्न नाम पर चर्चा करने के बाद सूची पर मुहर लगा दी गई है। सचिवालय में देर शाम को सिविल सर्विस बोर्ड की बैठक आयोजित की गई थी, इसमें मुख्य सचिव की अध्यक्षता में प्रमुख सचिव वन और प्रमुख वन संरक्षक हॉफ मौजूद रहे। हालांकि, काफी समय से भारतीय वन सेवा के अधिकारियों के तबादलों को लेकर होमवर्क किया जा रहा था, लेकिन अलग-अलग कारणों के चलते सिविल सर्विस बोर्ड की बैठक में निर्णय नहीं हो पा रहा था। बड़ी बात ये है कि इससे पहले भी दो बार सिविल सर्विस बोर्ड की बैठक के लिए तारीख तय हो चुकी थी, लेकिन उस दौरान नामो पर चर्चा नहीं हो पाई। ऐसे में नए प्रमुख वन संरक्षक हॉफ कपिल लाल की जिम्मेदारी संभालने के बाद अब उनकी नई टीम के लिए उनके साथ ही चर्चा की गई है।
इधर ऊधम सिंह नगर के खटीमा के बरी अंजनिया इलाके में वाहन में सवार अज्ञात लोगों द्वारा स्थानीय निवासी से मारपीट व हवाई फायरिंग घटना का कोतवाली पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया कि मामले में सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद आरोपियों के वाहन को ट्रेस किया गया। साथ ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में शामिल अन्य लोगों की जांच की जा रही है। वहीं बरी अंजनिया के जोशी परिवार की जमीन कब्जाने की नियत से अज्ञात लोगों द्वारा मारपीट व हवाई फायरिंग के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। सीमांत खटीमा के बरी अंजनिया में जमीन विवाद को लेकर फायरिंग मारपीट मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। घटना में शामिल तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद कर लिया है। घटना का खुलासा करते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी नीरज सेमवाल ने बताया कि 5 जुलाई को बरी अंजनिया निवासी चंद्र बदन जोशी पुत्र नारायण दत्त जोशी द्वारा थाना खटीमा में स्कॉर्पियो वाहन में सवार आरोपियों द्वारा गाली गलौज करने, तमंचा से फायर करने व जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार होने के संबंध में एक तहरीर दी गई थी। जिस पर थाना कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
ऐसी ही सटीक और निष्पक्ष खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ