Oct 12, 2026 Login
Awaaz24x7-government

गुड़ मॉर्निंग इंडिया: तीसरी लहर के बीच होंगे 5 राज्यों में चुनाव! दिल्ली में फूटा कोरोना बम, उत्तराखंड में मिले 3 ओमिक्रोन संक्रमित

Good Morning India: Elections will be held in 5 states in the middle of the third wave! Corona bomb exploded in Delhi, 3 Omicrons found infected in Uttarakhand

नमस्कार दोस्तो, आवाज 24x7 के गुड़ मॉर्निंग इंडिया में आपका पुनः स्वागत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। बच्चों के वैक्सीनेशन को लेकर हेल्थ सेक्रेटरी राजेश भूषण सभी राज्यों के चीफ सेक्रेटरी के साथ आज सुबह 11:30 बजे मीटिंग करेंगे। वहीं आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर 1:30 बजे कानपुर में मेट्रो की सौगात देंगे।उधर बीना-पनकी मल्टीप्रोडक्ट पाइपलाइन का भी उद्घाटन किया जाएगा। वहीं निर्वाचन आयोग की टीम आज से तीन दिन के दौरे पर यूपी जा रही है। कोरोना के बीच चुनाव कराने पर बड़ा फैसला हो सकता है। इधर आज गृह मंत्री अमित शाह उत्तर प्रदेश में हरदोई, सुल्तानपुर और भदोही में जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
अब अभी तक कि बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं। देश में ओमिक्रोन संक्रमण का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। लगातार मिल रहे मामलो से तीसरी लहर आने की आशंका भी बढ़ गयी है। इस बीच देश में 3 जनवरी से 15 से 18 साल तक के बच्चों को कोरोना वैक्सीन लगाई जाएगी। इसके लिए 1 जनवरी से रजिस्ट्रेशन कराया जा सकेगा। केंद्र की गाइडलाइंस के मुताबिक, अभी इस एज ग्रुप के बच्चों को केवल कोवैक्सिन ही लगाई जाएगी। कोविन (CoWIN) प्लेटफॉर्म चीफ डॉ. आरएस शर्मा ने बताया कि इसके लिए कोविन ऐप पर रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे।
उधर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग ओमिक्रॉन के बढ़ते मामलों के बीच अगले साल UP समेत 5 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव टालने के मूड में नहीं हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने 5 राज्यों उत्तराखंड, गोवा, मणिपुर, यूपी और पंजाब के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की, जिसमें इन राज्यों में वैक्सीनेशन और टेस्टिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
इधर दिल्ली में कोरोना संक्रमण के मामले फिर से डराने लगे हैं। पिछले 24 घंटे में यहां 331 नए मरीज सामने आए हैं। पॉजिटिव‍िटी रेट भी अब 0.55% से बढ़कर 0.68% हो गया है। यह पिछले 6 महीने यानी जून के बाद सबसे ज्यादा है। रविवार को यहां 290 नए केस दर्ज किए गए थे। बढ़ते मामलों को दिल्ली में तीसरी लहर की आहट माना जा रहा है।
उत्तराखंड कि बात करें तो कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रोन के मामले यहां भी बढ़ने लगे हैं। सोमवार को तीन और मरीजों में ओमिक्रोन की पुष्टि हुई है। इनमें दो मामले देहरादून और एक हरिद्वार जिले में आया है। राज्य में अब तक चार मरीजों में ओमिक्रोन की पुष्टि हो चुकी है। ओमिक्रोन के बढ़ते मामलों के बीच स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों को अलर्ट जारी किया है। पुलिस, प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम गठित कर होम आइसोलेशन, क्वारंटाइन, कंटेनमेंट जैसी गतिविधियों को प्रभावी तौर पर अमल में लाने के निर्देश दिए गए हैं। 
उधर उत्तराखंड में नाइट कर्फ्यू लागू कर दिया गया है। राज्य में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रोन के संक्रमण की रोकथाम के लिए सरकार ने यह कदम उठाया है। रात 11 से सुबह पांच बजे तक नाइट कर्फ्यू प्रभावी रहेगा। इस दौरान केवल आवश्यक सेवाओं के आवागमन की ही अनुमति होगी। मुख्य सचिव एवं उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डा एसएस संधु ने सोमवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिए। 
वहीं कोरोना कि दहशत के बीच उत्तराखंड में सियासी पारा भी चढ़ा हुआ है। पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति अध्यक्ष हरीश रावत और कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत की मुलाकात की चर्चाओं से राज्य की राजनीति गर्मा गई। बताया जाता है कि दोनों नेता एक ही होटल में रुके रहे।