Good Morning India: चैत्र नवरात्रि शुरू, मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब! RSS हेडक्वार्टर जाएंगे प्रधानमंत्री मोदी, म्यांमार भूकंप में 1600 से ज्यादा मौतें, जानें आज क्या रहेगा खास?

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए अभी तक की प्रमुख खबरों और कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। शुरुआत आज की उन खबरों से करते हैं जिनपर सभी की नजर रहेगी। आज PM मोदी नागपुर में RSS हेडक्वार्टर जाएंगे। संघ संस्थापक डॉ हेडगेवार को श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद PM छत्तीसगढ़ का दौरा करेंगे। बिलासपुर के मोहभट्टा में जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं आज IPL में आज दो मैच खेले जाएंगे। पहला मुकाबला दिल्ली Vs हैदराबाद के बीच 3.30 बजे विशाखापट्टनम में होगा। दूसरा राजस्थान Vs चेन्नई के बीच शाम 7.30 बजे गुवाहटी में खेला जाएगा।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, हर साल चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से नवरात्रि की शुरुआत होती है। इसका समापन नवमी तिथि पर किया जाता है। इस बार 30 मार्च 2025 से चैत्र नवरात्रि की शुरुआत हो चुकी है, जो 6 अप्रैल को समाप्त होंगी। ये नौ दिन मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की भव्य पूजा को समर्पित है। इस अवधि में इनकी उपासना करने से साधक की सभी समस्याएं समाप्त होती हैं, साथ ही मां दुर्गा की विशेष कृपा भी प्राप्त होती हैं। इस दौरान नवरात्रि को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है, हर तरफ उल्लास का माहौल है। मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ा है।
उधर म्यांमार में 2 दिन में 5 से ज्यादा तीव्रता वाले तीन भूकंप आ चुके हैं। शनिवार दोपहर 3:30 बजे 5.1 की तीव्रता का भूकंप आया। वहीं शुक्रवार को आए 7.7 तीव्रता के भूकंप में अब तक 1600 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। 3400 से ज्यादा लोग घायल हैं। उधर, थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में एक 30 मंजिला इमारत गिरने से 10 लोगों की मौत हुई है।
इधर राजस्थान के जयपुर में वीर तेजाजी मंदिर में कुछ असामाजिक तत्वों ने मूर्ति तोड़ दी। शनिवार सुबह पुलिस को मंदिर की मूर्ति क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिली। खबर सामने आते ही लोग सड़क पर उतर आए। सांगानेर थाना क्षेत्र में स्थित मंदिर के सामने लोगों ने करीब तीन घंटे टोंक रोड को जाम रखा।
उधर 26 मार्च को बेंगलुरु में सूटकेस में पैक एक महिला की लाश मिली थी। अब सामने आया है कि आरोपी पति राकेश खेडेकर ने पत्नी गौरी अनिल सम्ब्रेकर को चाकू मारने के बाद जिंदा ही सूटकेस में पैक कर दिया था। फोरेंसिक जांच में सूटकेस में काफी मात्रा में बलगम मिला। बलगम तभी निकलता है जब इंसान जिंदा हो। फोरेंसिक टीम ने बताया- गौरी की मौत सूटकेस के अंदर हुई थी। उसके शरीर पर चोट के भी निशान थे। राकेश पत्नी की हत्या करने के बाद भागकर पुणे चला गया था। 27 मार्च को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था।
इधर गुजरात टाइटंस ने IPL 2025 के 9वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस को 36 रन से हरा दिया। गुजरात ने मुंबई को जीत के लिए 197 रन का टारगेट दिया था। MI की टीम छह विकेट खोकर 160 रन ही बना सकी। इस सीजन मुंबई इंडियंस लगातार दूसरा मैच हारी है।
उधर राजधानी दिल्ली के एक फ्लैट में एक ‘बेड बॉक्स’ के अंदर से महिला का शव बरामद हुआ है। इस घटना के एक दिन बाद शनिवार को फ्लैट के मालिक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार लोगों की पहचान फ्लैट मालिक विवेकानंद मिश्रा (64) और अभय कुमार झा उर्फ सोनू (29) के रूप में हुई है। वहीं अभी तक महिला का पति आशीष कुमार (45) फरार है।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, हरिद्वार के रुड़की में चलती कार में अचानक आग लग गई। आग लगने से आसपास क्षेत्र में हड़कंप मच गया। कार में सवार यात्रियों ने बमुश्किल कूद कर अपनी जान बचाई। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने कड़ी में मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और कार में लगे सीएनजी सिलेंडर को फटने से भी बचा लिया। हालांकि इस हादसे में कार पूरी तरह जलकर राख हो गई। बताया जा रहा कि हादसा उस समय हुआ जब हरियाणा के यात्री हरिद्वार की ओर जा रहे थे।
उधर ज्वालापुर क्षेत्र में शनिवार दोपहर गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के छात्र पर जानलेवा हमला और हवाई फायरिंग करने वाले दो हमलावरों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसके कुछ साथी फरार हो गए। मुठभेड़ में गिरफ्तार दोनों आरोपियों के पिता आईटीबीपी दिल्ली में हैड कांस्टेबल हैं। देर रात तक पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोबाल की अगुवाई में पुलिस टीम फरार बदमाशों की तलाश में जुटी रही।
इधर हरिद्वार जिले के रुड़की के पास बड़ी घटना हो गया। पिरान कलियर थाना क्षेत्र के बाजूहेड़ी गांव में टीन के डिब्बे को पत्थर से तोड़ते समय भयंकर विस्फोट हुआ। इस हादसे में टीन के डिब्बा तोड़ने वाला कबाड़ी गंभीर रूप से घायल हो गया। इतना ही नहीं कबाड़ी के बदन के कपड़े चिथडों में तब्दील हो गए।
उधर राजधानी देहरादून में प्राइवेट स्कूलों की मनमानी जारी है। कई स्कूलों ने इस साल मनमानी तरीकों से फीस में बढ़ोत्तरी की है, जिससे अभिभावक भी परेशान है। बता दें कि इससे पहले अभिभावकों ने देहरादून डीएम से मुलाकात कर स्कूलों पर लगाम लगाने की मांग की थी। वहीं अब शनिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने राजपुर रोड पर स्थित निजी स्कूल के सामने प्रदर्शन किया और फीस बढोत्तरी का विरोध किया।
इधर उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने धामी सरकार पर घोटालों को लेकर कई आरोप लगाए। करन माहरा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए सहकारिता, खनन, वन निगम, खेल, खाद्य विभाग के घोटाले गिनाए। साथ ही खाद्य विभाग में सड़े राशन का मुद्दा भी उठाया।