Good Morning India:नीट पेपर लीक रोकने को केंद्र का बड़ा कदम, अनुच्छेद 370 हटने की 7वीं वर्षगांठ आज,कैंसर से जंग हार गए अभिनेता प्रदीप रावत,आज दिल्ली में उत्तराखंड बीजेपी की बड़ी बैठक,लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें!

Good Morning India: Centre takes major step to curb NEET paper leaks; 7th anniversary of the abrogation of Article 370 today; actor Pradeep Rawat loses battle against cancer; major Uttarakhand BJP me

नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम 'गुड मॉर्निंग इंडिया' लेकर एकबार फिर आपके समक्ष हाजिर है। आईए शुरुआत करते हैं उन सुर्खियों के साथ,जो आज पूरे दिन चर्चा में रहने वाली हैं।

अल-अक्सा मस्जिद पर बढ़ा टकराव, जॉर्डन ने बुलाई इस्लामिक देशों की आपात बैठक,धार्मिक युद्ध की आशंका

लाल सागर में भारतीय जहाज पर बड़ा हमला: हमलावर बोट से टकराया कार्गो पोत, डूबा, 13 भारतीय नाविक बाल-बाल बचे

अनुच्छेद 370 हटने की 7वीं वर्षगांठ: भाजपा मनाएगी जश्न, विपक्ष का 'काला दिवस',घाटी में पुलिस अलर्ट

घाटी में आतंक के लिए मक्का से फंडिंग: दुबई, पोक और यूके में बैठे आकाओं के खिलाफ वारंट जारी, उमरा के नाम पर हुआ खेल

कर्ज के बोझ तले दबे लोकसभा के संयुक्त निदेशक ने की खुदकुशी,10 पन्नों का सुसाइड नोट बरामद

कैंसर से जंग हारे 'गजनी' फेम अभिनेता प्रदीप रावत: 74 की उम्र में निधन, शाम को ओशिवारा में होगा अंतिम संस्कार

यूपीआई पेमेंट पर लग सकता है चार्ज: ₹2,000 से ज्यादा के मर्चेंट ट्रांजैक्शन पर फीस लगाने की तैयारी,आम यूजर्स रहेंगे बेअसर

अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के बाद बड़ा एक्शन: कर्मचारियों के रिश्तेदारों पर गिरेगी गाज, 100 से ज्यादा लोगों की जाएगी नौकरी

नीट पेपर लीक रोकने को केंद्र का बड़ा कदम: सुप्रीम कोर्ट में दाखिल हलफनामा, सुरक्षा के लिए बनाया 'किले' जैसा 10 चरणों वाला मॉडल

श्रीलंका पहुँची टीम इंडिया: शुभमन गिल की कप्तानी में 'स्वैग' से एन्ट्री, 15 अगस्त से गॉल में पहला टेस्ट

देहरादून में चलती कार बनी आग का गोला: चालक ने कूदकर बचाई जान, 11 मिनट में पहुँची पुलिस

उत्तराखंड में कुदरत का कहर: देहरादून और बागेश्वर में 'ऑरेंज अलर्ट', आज स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

उत्तराखंड में मिशन 2027 के लिए बीजेपी का 'दिल्ली में मंथन': आज बीजेपी मुख्यालय में कोर ग्रुप की बड़ी बैठक, जुटेंगे कई दिग्गज नेता

श्रीनगर गढ़वाल में बिहार के छात्र की संदिग्ध मौत: कमरे में फंदे से लटका मिला शव, यूनिवर्सिटी में सनसनी

धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा: सीएम धामी ने खोला खजाना, 5 प्रमुख मंदिरों के सुंदरीकरण के लिए करोड़ों की सौगात

हेडलाइंस के बाद आइए अब रुख करते हैं आज की बड़ी खबरों की तरफ-यरूशलम। यरूशलम स्थित अल-अक्सा मस्जिद परिसर को लेकर पश्चिम एशिया में तनाव एक बार फिर गहरा गया है। जॉर्डन ने इस्राइल पर ऐतिहासिक धार्मिक व्यवस्था से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाते हुए इसे बेहद गंभीर स्थिति बताया है और चेतावनी दी है कि यदि हालात नहीं सुधरे तो पूरा क्षेत्र बड़े धार्मिक संघर्ष की चपेट में आ सकता है। इसी मुद्दे पर चर्चा के लिए जॉर्डन ने बुधवार को अरब और इस्लामिक देशों के विदेश मंत्रियों की आपात बैठक बुलाई है। अंतरराष्ट्रीय समझौतों के तहत अल-अक्सा मस्जिद और डोम ऑफ द रॉक परिसर की देखरेख जॉर्डन के शाही परिवार के अधीन है। मौजूदा व्यवस्था के अनुसार यहां केवल मुसलमानों को नमाज अदा करने की अनुमति है, जबकि यह यहूदियों के लिए भी टेंपल माउंट के रूप में पवित्र स्थल माना जाता है। तनाव उस समय और बढ़ गया जब 23 जुलाई को इस्राइल के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन ग्वीर के नेतृत्व में करीब 2,000 इस्राइली नागरिकों ने परिसर में प्रवेश कर धार्मिक अनुष्ठान किए। जॉर्डन का आरोप है कि यह कदम यथास्थिति बदलने और अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है। जॉर्डन के विदेश मंत्री अयमान सफादी ने कहा कि यरूशलम "बारूद का ढेर" बन चुका है और अल-अक्सा की मौजूदा व्यवस्था से किसी भी तरह की छेड़छाड़ पूरे इस्लामिक जगत में व्यापक तनाव पैदा कर सकती है। बैठक में अरब लीग के सदस्य देशों के अलावा तुर्किये, इंडोनेशिया, मलेशिया और पाकिस्तान के प्रतिनिधि भी भाग लेंगे। जॉर्डन का उद्देश्य कूटनीतिक और कानूनी माध्यमों से इस्राइल पर वैश्विक दबाव बनाना है।

नई दिल्ली। लाल सागर में समुद्री सुरक्षा को लेकर एक बार फिर बड़ा संकट खड़ा हो गया है। यमन के होदेदाह बंदरगाह के पास भारतीय ध्वज वाले मालवाहक पोत 'एमएसवी फैजे नूरे ओलिया' पर एक विस्फोटक बोट से हमला किया गया। हमले के बाद जहाज समुद्र में पलटकर डूब गया। राहत की बात यह रही कि जहाज पर सवार 13 भारतीयों और एक यमनी नागरिक समेत सभी 14 चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया है। नेशनल रेजिस्टेंस फोर्स के अनुसार, इस हमले को विस्फोटकों से भरी एक नाव के जरिए अंजाम दिया गया। यमन तटरक्षक बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी नाविकों को सुरक्षित रेस्क्यू कर मोखा बंदरगाह पहुँचाया, जहाँ उन्हें चिकित्सा सहायता दी गई। घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए भारत सरकार और विदेश मंत्रालय ने वाणिज्यिक जहाजों पर हो रहे हमलों की सख्त निंदा की है। केंद्रीय पोत परिवहन मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने महानिदेशक समुद्री प्रशासन को सभी क्षेत्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर भारतीय नाविकों की कड़ी सुरक्षा सुनिश्चित करने और प्रभावित दल को हर संभव मदद मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। रियाद स्थित भारतीय दूतावास पूरे घटनाक्रम पर लगातार नज़र बनाए हुए है और यमनी अधिकारियों के संपर्क में है। लाल सागर में व्यावसायिक जहाजों को निशाना बनाए जाने की इस घटना ने अंतर्राष्ट्रीय समुद्री व्यापार मार्ग पर सुरक्षा संबंधी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35A हटाए जाने की आज 7वीं वर्षगांठ पर प्रदेश में राजनीतिक हलचल और तनाव दोनों चरम पर हैं। 5 अगस्त 2019 को हुए इस ऐतिहासिक फैसले के सात साल पूरे होने पर जहाँ एक तरफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इसे जश्न के रूप में मना रही है, वहीं नेशनल कॉन्फ्रेंस , पीडीपी और कांग्रेस ने इसे 'काला दिवस' के रूप में मनाने का एलान किया है। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कड़ी एडवाइजरी जारी की है। बिना पूर्व अनुमति के किसी भी प्रकार के विरोध-प्रदर्शन, रैली या सार्वजनिक जमावड़े पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। पुलिस ने साफ किया है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षाबलों ने जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग सहित संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ा दी है। एक ओर भाजपा कार्यकर्ता पूरे प्रदेश में मिठाइयां बांटकर विशेष दर्जा समाप्त होने के फायदे गिनाएंगे, वहीं महबूबा मुफ्ती की अगुवाई वाली PDP और डॉ. फारूक अब्दुल्ला की NC पूरे राज्य में प्रदर्शन कर अनुच्छेद 370 की बहाली, राजनीतिक बंदियों की रिहाई और पूर्ण राज्य का दर्जा वापस देने की मांग करेगी। NC नेताओं का आरोप है कि केंद्र सरकार राज्य का दर्जा बहाल करने के अपने वादे से मुकर रही है, जिसके विरोध में दिल्ली में भी विपक्षी दल एकजुट होकर प्रदर्शन करेंगे।

श्रीनगर। कश्मीर घाटी में आतंक और अलगाववाद को हवा देने के लिए रची जा रही एक बड़ी अंतरराष्ट्रीय साजिश का भंडाफोड़ हुआ है। काउंटर इंटेलिजेंस एजेंसी कश्मीर की जांच में खुलासा हुआ है कि सऊदी अरब के मक्का शहर का इस्तेमाल टेरर फंडिंग के लिए किया जा रहा था। इस मामले पर कड़ा संज्ञान लेते हुए श्रीनगर की विशेष अदालत ने दुबई, पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर और ब्रिटेन में मौजूद तीन मुख्य आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किए हैं। एजेंसी के अनुसार, लश्कर-ए-ताइबा और उसके मुखौटा संगठन 'द रेजिस्टेंस फ्रंट' से जुड़ा मुख्तार अहमद बाबा, मोहम्मद इकबाल नैमा और शमीमा शॉल इस नापाक नेटवर्क को चला रहे थे। जांच में सामने आया कि श्रीनगर का एक परिवार बीते साल जनवरी में 'उमरा' के बहाने सऊदी अरब गया था। वहाँ मक्का में हवाला के जरिए 13,600 सऊदी रियाल का लेन-देन किया गया, जिसका मकसद घाटी में सक्रिय आतंकियों और उनके समर्थकों को वित्तीय मदद पहुँचाना था। जांच एजेंसियों का दावा है कि विदेशी धरती से होने वाली यह फंडिंग 10 लाख सऊदी रियाल (लगभग 2.53 करोड़ रुपये) तक हो सकती है। मुख्य आरोपी मुख्तार बाबा 2018 में तुर्की के रास्ते पाकिस्तान भागा था और मुरिदके में लश्कर के ट्रेनिंग कैंपों में सक्रिय रहा है। सीआईके की इस त्वरित कार्रवाई ने सीमा पार से चल रहे विदेशी टेरर फंडिंग नेटवर्क की रीढ़ तोड़ दी है।

नई दिल्ली। आर्थिक तंगी और भारी कर्ज से परेशान होकर लोकसभा के संयुक्त निदेशक गौरव गौतम (40) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उनका शव रविवार शाम उनके केंद्रीय विहार-2 स्थित आवास पर फंदे से लटका मिला। घटना के वक्त उनकी पत्नी किसी काम से दिल्ली गई हुई थीं। लौटने पर जब उन्होंने शव देखा, तो तुरंत पड़ोसियों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुँची पुलिस और फॉरेंसिक टीम को मृतक के पास से 10 पन्नों का एक सुसाइड नोट मिला है। सुसाइड नोट के अनुसार, गौरव पर विभिन्न कारणों से लगभग 70 लाख रुपये का कर्ज हो गया था। कर्ज चुकाने में असमर्थ होने के कारण वह काफी समय से भारी मानसिक तनाव से गुजर रहे थे। नोट में उन्होंने यह भी स्पष्ट लिखा है कि उनके इस आत्मघाती कदम के लिए परिवार का कोई भी सदस्य जिम्मेदार नहीं है। सहायक पुलिस आयुक्त दीक्षा सिंह ने बताया कि पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। सुसाइड नोट की प्रामाणिकता की पुष्टि के लिए उसकी हैंडराइटिंग की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी। इसके अलावा, पुलिस उनके मोबाइल फोन, वित्तीय लेनदेन और बैंक खातों की भी पड़ताल कर रही है। अस्पताल पहुँचाए जाने पर डॉक्टरों ने गौरव को मृत घोषित कर दिया था। इस हृदयविदारक घटना से उनके परिवार और सहयोगियों में गहरा शोक व्याप्त है, वहीं पुलिस जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

मुंबई। लगान, गजनी, छत्रपति और 'वीरम' जैसी सुपरहिट फिल्मों में अपने अभिनय की छाप छोड़ने वाले दिग्गज अभिनेता प्रदीप रावत का 74 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह बीते कुछ समय से कैंसर से जूझ रहे थे। बुधवार को मुंबई के एक अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की पुष्टि मैनेजर सिद्धार्थ ने की। इस दुखद खबर से बॉलीवुड और सिनेमा जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। मैनेजर के अनुसार, प्रदीप रावत को लगभग चार साल पहले कैंसर हुआ था, जिस पर उन्होंने विजय पा ली थी। लेकिन करीब डेढ़ महीने पहले कैंसर दोबारा उभर आया। पिछले कुछ दिनों से उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई थी। डॉक्टरों के मुताबिक, उनके प्लेटलेट्स काफी तेजी से गिर गए थे और साथ ही उन्हें तेज बुखार आ गया था, जिसके चलते उनकी स्थिति बिगड़ती चली गई और उन्हें बचाया नहीं जा सका। अंतिम समय में उनकी पत्नी और बेटा विक्रमादित्य उनके पास मौजूद थे। अभिनेता का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए दोपहर 2:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक उनके गोरेगांव वेस्ट स्थित आवास (इंपीरियल हाइट्स) में रखा जाएगा। इसके बाद शाम 4:00 बजे जोगेश्वरी वेस्ट स्थित ओशिवारा श्मशान भूमि में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। अपने सशक्त और नकारात्मक किरदारों के लिए पहचाने जाने वाले प्रदीप रावत का जाना भारतीय सिनेमा के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

नई दिल्ली। भारत में रोजाना इस्तेमाल होने वाले डिजिटल पेमेंट सिस्टम UPI को लेकर सरकार एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। ₹2,000 से अधिक के व्यावसायिक (बिजनेस) यूपीआई भुगतान पर 0.25% से 0.4% तक मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) या चार्ज लगाया जा सकता है। हालांकि, राहत की बात यह है कि एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति (P2P) को किए जाने वाले ट्रांसफर और रोजमर्रा की छोटी-मोटी खरीदारी पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में पेश किए गए 'टैक्सेशन एंड अदर लॉज (अमेंडमेंट) बिल' में इलेक्ट्रॉनिक पेमेंट पर लगे प्रतिबंध को हटाने का प्रस्ताव रखा है। सरकारी अधिकारियों के मुताबिक, हालांकि इस चार्ज को लागू करने की तारीख तय नहीं हुई है, लेकिन लागू होने पर भी 95% आम लेनदेन पूरी तरह मुफ्त रहेंगे। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, ₹2,000 से अधिक के लेनदेन कुल यूपीआई वॉल्यूम का केवल 5% हैं, लेकिन कुल ट्रांजेक्शन वैल्यू में इनकी हिस्सेदारी लगभग 65% है। दूध, सब्जी, किराना या ऑटो-टैक्सी जैसे दैनिक भुगतानों पर कोई शुल्क नहीं लगेगा। साथ ही, विशेषज्ञ मानते हैं कि अधिकांश व्यापारी इस बेहद मामूली शुल्क का बोझ ग्राहकों पर नहीं डालेंगे। जुलाई महीने में ही रिकॉर्ड 23.7 अरब यूपीआई लेनदेन हुए, जिनकी कुल वैल्यू ₹29.9 लाख करोड़ रही। इतने विशाल डिजिटल इकोसिस्टम और बैंकिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत और टिकाऊ बनाए रखने के लिए सरकार और रेग्युलेटर यह नया विकल्प तलाश रहे हैं।

अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने कड़ा रुख अपनाया है। मंदिर परिसर में प्रभावी लोगों द्वारा अपने रिश्तेदारों और सगे-संबंधियों को नौकरी पर दिलवाने के खेल को खत्म करने के लिए ट्रस्ट ने कर्मचारियों की छंटनी की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत 100 से अधिक कर्मचारियों की छुट्टी होने की संभावना है। जांच में खुलासा हुआ है कि चढ़ावा चोरी के मुख्य आरोपी रामशंकर यादव टिन्नू ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर अपने भतीजे को नोटों की गिनती के काम में लगवाया था। इसी तरह कई ट्रस्टियों और कर्मचारियों से जुड़े रिश्तेदार अलग-अलग काउंटरों पर तैनात हैं, जहाँ एक ही परिवार के दो से तीन लोग काम कर रहे हैं। ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव कृष्णमोहन के निर्देश पर ऐसे सभी कर्मचारियों की सूची तैयार की जा रही है, जो या तो सीधे ट्रस्ट से जुड़े हैं या फिर निजी एजेंसियों के माध्यम से कार्यरत हैं। 2 सितंबर को होने वाली ट्रस्ट की बैठक में इस मुद्दे पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। गौरतलब है कि इससे पहले भी इस मामले में तत्कालीन महासचिव चंपत राय और डॉक्टर अनिल मिश्रा त्यागपत्र दे चुके हैं। फिलहाल चोरी के आरोपी रामशंकर यादव, उसका भतीजा और उनके दो अन्य रिश्तेदार जेल में हैं। ट्रस्ट का यह कड़ा कदम मंदिर प्रशासन में पारदर्शिता लाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगाम कसने के उद्देश्य से उठाया जा रहा है।

नई दिल्ली। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा में पेपर लीक और अन्य गड़बड़ियों को पूरी तरह समाप्त करने के लिए केंद्र सरकार ने परीक्षा प्रणाली में व्यापक बदलाव किए हैं। सुप्रीम कोर्ट में दाखिल एक हलफनामे में शिक्षा मंत्रालय ने बताया कि भविष्य में किसी भी तरह की सेंधमारी रोकने के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने 10 चरणों वाला एक अत्यंत सुरक्षित प्रोटोकॉल लागू किया है, जिसे अधिकारी "किले" जैसा मॉडल बता रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के जवाब में दाखिल इस हलफनामे के अनुसार, सार्वजनिक परीक्षाओं में पारदर्शिता और सुरक्षा के लिए नंदन नीलेकणि की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय टास्क फोर्स का गठन किया गया है। यह टास्क फोर्स परीक्षा प्रणाली को आधुनिक बनाने के लिए AI और ब्लॉकचेन तकनीक के इस्तेमाल पर सुझाव देगी। प्रश्नों के अनुवाद के दौरान लीक रोकने के लिए शुरुआती ड्राफ्टिंग में 'एयर-गैप्ड' (ऑफ़लाइन) AI सिस्टम का उपयोग किया जा रहा है। इसके अलावा, नए सुरक्षा मानकों के तहत अब हर प्रश्न-पत्र और ओएमआर शीट पर अभ्यर्थी से जुड़ा एक यूनिक सीरियल नंबर होगा। पेपर की सुरक्षा के लिए छह परतों वाली ऐसी पैकेजिंग की जाएगी जिससे छेड़छाड़ का तुरंत पता चल सके। इसमें स्टील के ऐसे ट्रंक इस्तेमाल होंगे, जिनमें केवल काटकर खोले जाने वाले सिंगल-यूज़ लॉक लगे होंगे। सरकार ने स्पष्ट किया कि 'सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन अधिनियम-2026' के जरिए कानूनी ढांचे को और सख्त किया गया है ताकि अभ्यर्थियों के भविष्य से खिलवाड़ न हो सके।

कोलंबो। आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 चक्र के तहत दो मैचों की हाई-प्रोफाइल टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट टीम श्रीलंका पहुँच चुकी है। कप्तान शुभमन गिल की अगुआई में 'स्वैग' के साथ कोलंबो के भंडारनायके इंटरनेशनल एयरपोर्ट उतरी टीम इंडिया का श्रीलंका क्रिकेट अधिकारियों ने भव्य स्वागत किया। टेस्ट सीरीज का आगाज़ 15 अगस्त को गॉल में होगा, जबकि दूसरा मुकाबला 23 अगस्त से कोलंबो में खेला जाएगा। इससे पहले भारतीय टीम 7 अगस्त से तीन दिवसीय अभ्यास मैच खेलेगी। सीरीज की शुरुआत से पहले भारतीय खेमे को कई बड़े झटके लगे हैं। स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह घुटने की चोट के कारण बाहर हो गए हैं, जिनकी जगह आकिब नबी को टीम में शामिल किया गया है। इसके अलावा हर्षित राणा, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर और आकाश दीप भी चोटों की वजह से शुरुआती मुकाबलों से बाहर हैं। चोटों की चुनौतियों के बावजूद कप्तान शुभमन गिल और उपकप्तान केएल राहुल के नेतृत्व में युवा टीम इंडिया का हौसला बुलंद है। वर्तमान डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में भारत 48.15% पीसीटी के साथ पांचवें स्थान पर है, ऐसे में यह सीरीज फाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए बेहद अहम होगी। भारतीय टेस्ट टीम में शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन और आकिब नबी शामिल हैं। 

आइए अब नज़र डालते हैं उत्तराखंड की ख़बरों पर-देहरादून। डोईवाला-देहरादून रोड पर मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जौलीग्रांट से देहरादून की ओर आ रही एक चलती कार में मणिमाई मंदिर के पास अचानक भीषण आग लग गई। चालक की त्वरित सूझबूझ के चलते एक बड़ा हादसा टल गया और उनकी जान बच गई। घटना मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे की है, जब डालनवाला निवासी हिमांशु जोशी अपनी कार से अकेले घर लौट रहे थे। मणिमाई मंदिर से 200 मीटर आगे पहुँचते ही कार के बोनट से अचानक धुआं और लपटें निकलने लगीं। खतरा भांपते ही हिमांशु ने बिना समय गँवाए गाड़ी रोकी और तुरंत बाहर कूद गए। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कार का अगला हिस्सा धू-धू कर जलने लगा। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने मुस्तैदी दिखाई। घटना की जानकारी मिलने के महज़ 11 मिनट के भीतर हेड कांस्टेबल दिनेश रावत और जसपाल पंवार की टीम शाम 7:45 बजे मौके पर पहुँच गई। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया, हालांकि तब तक कार का अगला हिस्सा खाक हो चुका था। प्रारंभिक जांच में आग का कारण कार में आई तकनीकी खराबी माना जा रहा है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपनी गाड़ियों की नियमित सर्विस कराएं और आपात स्थिति से निपटने के लिए कार में अग्निशामक यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) जरूर रखें।

देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में मानसून आफत बनकर बरस रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 5 अगस्त को राज्य के देहरादून और बागेश्वर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। इसके साथ ही इन इलाकों में गर्जन के साथ तेज बिजली चमकने की भी सख्त चेतावनी दी गई है। मौसम के बिगड़े मिजाज और भारी बारिश से आशंकित हालातों के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। एहतियात के तौर पर बागेश्वर के जिलाधिकारी ने आज कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी सरकारी व गैर-सरकारी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अन्य जिलों टिहरी, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर में भी तेज बारिश और बिजली कड़कने का 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि 10 अगस्त तक पूरे प्रदेश में मौसम का रुख ऐसा ही बना रहेगा और कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। प्रशासन ने नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों और संवेदनशील पहाड़ी रास्तों पर यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों और संगठनात्मक मजबूती के सिलसिले में आज बुधवार को दिल्ली स्थित भाजपा केंद्रीय मुख्यालय में एक उच्चस्तरीय कोर ग्रुप की बैठक आयोजित की जा रही है। राजनीतिक दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही इस बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष और केंद्रीय नेतृत्व के साथ उत्तराखंड बीजेपी के तमाम वरिष्ठ दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे। बीजेपी के प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने बताया कि यह बैठक पार्टी की नियमित कार्यप्रणाली और रणनीतिक योजना का हिस्सा है। बैठक के दौरान हाल के दिनों में उत्तराखंड संगठन द्वारा किए गए कार्यों की व्यापक समीक्षा की जाएगी और आने वाले दिनों के लिए बड़े जनसंपर्क अभियानों व संगठनात्मक कार्यक्रमों का खाका तैयार किया जाएगा। बैठक का मुख्य एजेंडा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अभी से एक ठोस रोडमैप तैयार करना है। पार्टी का विशेष ध्यान बूथ स्तर तक संगठन को अत्यधिक प्रभावी और कार्यकर्ताओं को सक्रिय बनाने पर है। राजनीतिक जानकारों के अनुसार, दिल्ली में हो रही यह कोर ग्रुप की बैठक केवल एक नियमित समीक्षा नहीं, बल्कि उत्तराखंड में केंद्रीय और राज्य नेतृत्व के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा चुनावी शंखनाद की दिशा तय करने में बेहद अहम भूमिका निभाएगी।

श्रीनगर गढ़वाल। गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के घसिया महादेव क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक छात्र का शव उसके किराए के कमरे में पंखे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक छात्र की पहचान 25 वर्षीय अनीश कुमार (पुत्र वीरेंद्र कुमार), निवासी समस्तीपुर (बिहार) के रूप में हुई है। अनीश हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय में बीए तृतीय वर्ष का छात्र था और चौरास झूला पुल के पास किराए के कमरे में रहता था। मंगलवार को जब आसपास के लोगों ने कमरे के भीतर उसका शव लटका देखा, तो तुरंत पुलिस को सूचित किया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह के नेतृत्व में पहुँची पुलिस टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस की प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया है कि छात्र पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव और अवसाद से जूझ रहा था। प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का माना जा रहा है। प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। परिजनों के श्रीनगर पहुँचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मौत के सही और वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

देहरादून। उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने की दिशा में राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में स्थित पांच प्रसिद्ध मंदिरों के सुंदरीकरण एवं विकास कार्यों के लिए ₹3.45 करोड़ से अधिक की धनराशि को वित्तीय मंजूरी प्रदान की है। इस निर्णय के तहत पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर में 'मां बाल कुंवारी माता मंदिर' और दुगड्डा स्थित 'महाब गढ़ मंदिर' के सुंदरीकरण के लिए पहली किस्त जारी कर दी गई है। वहीं, सीमांत जिले पिथौरागढ़ के डीडीहाट में 'हरिचंद देवता मंदिर' के मास्टर प्लान तथा मिलम गांव स्थित प्रसिद्ध 'नंदा देवी मंदिर' की साज-सज्जा के लिए भी लाखों रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा, अल्मोड़ा के सल्ट में स्थित 'गुरु गोरखनाथ मंदिर' का भी कायाकल्प किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने धार्मिक स्थलों के साथ-साथ विकास और सुरक्षा से जुड़ी अन्य योजनाओं के लिए भी बजट स्वीकृत किया है। चंपावत में तामली से रूपालीगाड तक मोटर मार्ग निर्माण के लिए ₹79.44 लाख और नई टिहरी में स्थानीय लोगों को जंगली जानवरों से सुरक्षा प्रदान करने हेतु ₹93.85 लाख मंजूर किए गए हैं। साथ ही, पत्रकारों के प्रोत्साहन हेतु देहरादून स्थित उत्तरांचल प्रेस क्लब को खेल सामग्री खरीदने के लिए ₹5 लाख की आर्थिक सहायता दी गई है। सीएम धामी के इस फैसले से प्रदेश के धार्मिक स्थलों की भव्यता बढ़ेगी और तीर्थाटन को नई गति मिलेगी।

---- समाप्त ---- 

दिनभर की ऐसी ही सटीक और निष्पक्ष खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ।