गुड़ मॉर्निंग इंडिया: अडाणी बने एशिया के सबसे अमीर शख्स! श्रीलंका में इमरजेंसी के बाद लगा कर्फ्यू, उत्तराखंड में टोल फ्री नंबर 108 से जुड़ेगी एयर एम्बुलेंस सेवा
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24x7 गुड़ मॉर्निंग इंडिया लेकर एक बार आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। आज पाकिस्तान में इमरान सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर संसद में वोटिंग होगी। वहीं आज IPL में दोनों मैच हार चुकी चेन्नई और पंजाब के बीच शाम 7.30 बजे मुकाबला होगा। उधर आज महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड आमने-सामने होंगे।
अब अभी तक कि बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं। अडाणी ग्रुप के मालिक गौतम अडाणी भारत के साथ ही एशिया के सबसे अमीर शख्स बन गए हैं। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक, उनकी नेटवर्थ 100 अरब डॉलर हो गई है। अडाणी दुनिया के अमीरों में 10वें नंबर पर हैं। मुकेश अंबानी 99 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ देश में दूसरे और दुनिया में 11वें नंबर पर हैं। एलन मस्क इस लिस्ट में टॉप पर हैं।
उधर जरूरी चीजों की किल्लत और महंगाई के विरोध में हिंसक प्रदर्शन के बाद श्रीलंका के राष्ट्रपति राजपक्षे ने इमरजेंसी लगा दी। अब सेना किसी को भी बिना केस अरेस्ट कर सकती है। हालात न बिगड़ें इसके लिए देश भर में 36 घंटे का कर्फ्यू लगाया गया है। कोलंबो में सेना की तैनाती के बीच दुकानें खोली गईं। फ्यूल की कमी के बीच भारत ने मदद के तौर पर 40 हजार टन डीजल श्रीलंका भेजा हैं।
इधर IPL के 10वें मैच में शुभमन गिल की शानदार फिफ्टी के बाद फर्ग्यूसन ने विकेटों का चौका लगाकर गुजरात को जिता दिया। टीम ने दिल्ली के सामने 172 रनों का टारगेट रखा था। गिल ने 84 रन बनाए। जवाब में दिल्ली के बल्लेबाज 157 रन ही बना पाए। ऋषभ पंत ने सबसे ज्यादा 43 रन बनाए। इससे पहले हुए मैच को राजस्थान ने जीता। उसने मुंबई इंडियंस को 23 रन से हराया।
उधर महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में शनिवार की रात आकाश में अद्भुत नजारा देखने को मिला। आकाश में अंधेरे को चीरते हुए एक चमकीला पिंड आगे बढ़ते हुए दिखाई दिया। ऐसा लग रहा था कि उल्का पिंडों की बारिश हो रही हो। यह नजारा महाराष्ट्र के नागपुर, चंद्रपुर, बुलढाड़ा, अकोला और जलगांव जिलों में और मध्य प्रदेश के इंदौर, खरगोन, खंडवा, झाबुआ और बड़वानी जिलों में शाम 7:30 बजे देखने को मिला।
अब उत्तराखंड की खबरों पर नजर डालते हैं। उत्तराखंड में इस यात्रा सीजन केदारनाथ आने वाले श्रद्धालुओं को बाबा के दर्शनों के लिए घंटों कड़ाके की ठंड में नंगे पांव खड़े होकर इंतजार नहीं करना होगा। प्रशासन की ओर से दर्शनों के लिए टोकन की व्यवस्था लागू की जा रही है।
उधर स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश में एयर एंबुलेंस सेवा को टोल फ्री नंबर 108 से जोड़ा जाएगा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर दीर्घकालीन व सौ दिवसीय योजनाएं तैयार करने के निर्देश दिए।