फैक्ट चेक: देश में खत्म होने वाला है पेट्रोल-डीजल’ वाली खबर निकली भ्रामक! PIB ने दावे को किया खारिज, कहा- देश में ईंधन की कोई कमी नहीं
नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच देश में पेट्रोल-डीजल संकट को लेकर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही एक सनसनीखेज खबर को केंद्र सरकार ने पूरी तरह फर्जी और भ्रामक करार दिया है। इंटरनेट पर प्रसारित एक कथित न्यूज पोस्ट में दावा किया जा रहा था कि भारत के पास केवल दो दिनों का पेट्रोल और डीजल बचा है तथा देशभर के पेट्रोल पंपों पर अफरा-तफरी और हिंसा जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। हालांकि सरकार ने इन दावों को सिरे से खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि देश में ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और आम जनता को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। सोशल मीडिया पर फैल रही इस भ्रामक खबर का संज्ञान लेते हुए प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी) की फैक्ट चेक विंग ने मामले की जांच की। जांच में यह खबर पूरी तरह मनगढ़ंत और फर्जी पाई गई। पीआईबी ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा कि भारत में ईंधन संकट जैसी कोई स्थिति नहीं है और देश में तेल आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। पीआईबी ने अपने बयान में कहा कि इंटरनेट पर किया जा रहा यह दावा पूरी तरह निराधार है। देश के पास वर्तमान में लगभग 60 दिनों का कच्चे तेल का पर्याप्त रणनीतिक भंडार सुरक्षित है। इसके अतिरिक्त भारत के पास इतनी रिफाइनिंग क्षमता उपलब्ध है कि घरेलू मांग को आसानी से पूरा किया जा सकता है। एजेंसी ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित झूठी और अपुष्ट खबरों पर भरोसा न करें तथा केवल सरकारी और आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं को ही सही मानें। इधर इस अफवाह के वायरल होने के बाद कई शहरों में लोगों के बीच घबराहट का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में लोग एहतियातन अपनी गाड़ियों की टंकियां फुल कराने के लिए पेट्रोल पंपों पर पहुंच गए, जिसके चलते कई स्थानों पर अस्थायी रूप से लंबी कतारें देखने को मिलीं। हालांकि तेल कंपनियों ने इसे केवल पैनिक बाइंग का असर बताया है।