महाराष्ट्र-झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान आज! चुनाव आयोग करेगा प्रेस कॉन्फ्रेंस

चुनाव आयोग आज यानी मंगलवार को एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा। दोपहर साढ़े तीन बजे होने वाली इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान हो सकता है। इस बीच खबर है कि महाराष्ट्र में सत्ताधारी गठबंधन महायुति में सीटों का बंटवारा लगभग पूरा हो गया है। सूत्रों के मुताबिक, महायुति गठबंधन में सीटों के बंटवारे पर जो सहमति बनी है, उसके मुताबिक भाजपा राज्य की 288 विधानसभा सीटों में से 158 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना को बंटवारें के तहत 70 सीटें मिल सकती हैं और अजित पवार की एनसीपी को 50 सीटें देने की पेशकश की गई है। अभी गठबंधन में सीएम चेहरे का एलान नहीं करने का फैसला किया गया है और चुनाव तक एकनाथ शिंदे ही चेहरा होंगे।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाला गठबंधन आगामी विधानसभा चुनाव में सभी 81 सीट पर चुनाव लड़ेगा। सोरेन ने झामुमो की केंद्रीय समिति की बैठक के बाद पार्टी की चुनावी तैयारियों पर भरोसा जताया और आश्वासन दिया कि गठबंधन राज्य में फिर से सत्ता हासिल करेगा। सोरेन ने बैठक के बाद कहा कि मैंने सभी कार्यकर्ताओं और कार्यकारी समिति के सदस्यों के साथ झामुमो केंद्रीय समिति की बैठक में भाग लिया। हमने अपनी चुनाव तैयारियों की समीक्षा की और हमें विधानसभा चुनाव जीतने का भरोसा है। झामुमो के नेतृत्व वाला गठबंधन सभी 81 सीट पर चुनाव लड़ेगा। महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को समाप्त हो रहा है, जबकि झारखंड का कार्यकाल अगले साल 5 जनवरी को समाप्त हो रहा है। चुनाव आयोग मंगलवार को महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा करेगा। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा उपचुनाव की तारीखों का एलान भी कर सकता है। जानकारी के अनुसार चुनाव आयोग ने दोपहर 3.30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है। चुनाव आयोग आज यानी मंगलवार को एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा। दोपहर साढ़े तीन बजे होने वाली इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान हो सकता है।