अमानवीयता की हदें पार: प्यास बुझाने के लिए बाल्टी छूने पर दलित किशोर को नग्न कर पीटा, जूते में पिलाया पानी, थूक भी चटवाया

Crossing the Limits of Inhumanity: Dalit Teenager Stripped Naked and Beaten for Touching a Bucket to Quench His Thirst; Forced to Drink Water from a Shoe and Lick Up Spittle

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक बेहद सनसनीखेज और दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां के सचेंडी थाना क्षेत्र में महज पानी की बाल्टी छू लेने पर अनुसूचित जाति के एक 16 वर्षीय किशोर के साथ सामंती सोच और बर्बरता की सारी हदें पार कर दी गईं। दबंगों ने न सिर्फ किशोर को निर्वस्त्र कर बेरहमी से पीटा, बल्कि उसे मुर्गा बनाकर उसके साथ ऐसी अमानवीय हरकतें कीं, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए। पीड़ित किशोर का हाथ टूट गया है और वह गहरे मानसिक सदमे में है। पुलिस ने पीड़ित पिता की शिकायत पर चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दिल को झकझोर देने वाली यह घटना बीते दो मई की रात की है। सचेंडी के एक गांव के रहने वाले पीड़ित किशोर के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बेटा रात में खेत पर काम कर रहा था। काम के दौरान उसे तेज प्यास लगी, तो वह पानी पीने के लिए पास ही स्थित संजय राजपूत के मकान के सामने लगी सरकारी पानी की टंकी पर चला गया। वहां पानी भरने के लिए एक बाल्टी और जग रखा हुआ था। किशोर ने जैसे ही पानी पीने के लिए बाल्टी को छुआ, वहां मौजूद मकान मालिक संजय राजपूत और उसके साथी आगबबूला हो गए। आरोप है कि खुद को ऊंची जाति का बताने वाले संजय राजपूत, उसके भाई दीपक, और उनके दो साथियों सागर व पटिया ने किशोर को देखते ही जातिसूचक गालियां देनी शुरू कर दीं। इतने से भी जब उनका मन नहीं भरा, तो उन्होंने क्रूरता की सारी सीमाएं लांघ दीं। दबंगों ने जबरन किशोर के सारे कपड़े उतरवा दिए और उसे जमीन पर मुर्गा बना दिया। इसके बाद चारों ने लाठी-डंडों, लात-घूसों से उसे इतनी बेरहमी से पीटा कि किशोर का हाथ फ्रैक्चर हो गया। दरिंदगी यहीं नहीं रुकी; आरोपियों ने अपने जूते पर थूका और पीड़ित किशोर से जबरन थूक चटवाया। इसके बाद उसी जूते के अंदर पानी भरकर उसे जबरन पिलाया गया। किशोर के चीखने-चिल्लाने पर जब आसपास के ग्रामीण मौके पर जुटने लगे, तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग निकले।इस खौफनाक घटना के बाद सहमे हुए परिवार ने हिम्मत जुटाकर पुलिस की शरण ली। सचेंडी थाना इंस्पेक्टर दीनानाथ मिश्र ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर चारों नामजद आरोपियों संजय राजपूत, दीपक, सागर और पटिया के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट, मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं। इस घटना के बाद से इलाके के लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है और लोग दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।