चारधाम यात्रा शुरू! गंगोत्री धाम के बाद खुले यमुनोत्री धाम के कपाट! हर तरफ गूंजे जयकारे, उमड़ा आस्था का सैलाब

देहरादून। उत्तराखण्ड में आज बुधवार 30 अप्रैल को अक्षय तृतीया के मौके पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा का भव्य आगाज हो गया है। आज यमुना जी की डोली अपने भाई शनि महाराज के साथ सुबह साढ़े आठ बजे खरसाली गांव से यमुनोत्री धाम के लिए रवाना हुई। करीब पांच किमी पैदल चलने के बाद भक्तों के साथ मां की चल विग्रह डोली यमुनोत्री धाम पहुंची। शुभ मुहूर्त में दोपहर 11 बजकर 57 मिनट पर यमुनोत्री धाम के कपाट 6 माह के लिए श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। इससे पहले उत्तरकाशी जिले में स्थित मां गंगा के गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के खोले गए। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी धाम में मौजूद रहे। इस दौरान हर-हर गंगे और मां गंगा की जयकारों से धाम गूंज उठा। गंगोत्री धाम में पहली पूजा पीएम नरेंद्र मोदी के नाम से की गई। इससे पहले आज बुधवार सुबह सात बजे मां गंगा की डोली भैरव घाटी स्थित भैरव मंदिर से गंगोत्री के लिए रवाना हुई। ठीक साढ़े आठ बजे मां गंगा की चल विग्रह डोली गंगोत्री धाम पहुंची। यहां तीर्थ पुरोहितों ने विधिवत पूजा अर्चना, गंगा लहरी, गंगा सहस्त्रनाम का पाठ करने के बाद रीति-रिवाज और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ 10ः30 पर गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिये गए। गंगोत्री धाम को इस मौके पर करीब 15 क्विंटर फूलों से सजाया गया। अब श्रद्धालु 6 माह तक गंगोत्री धाम में मां गंगा की दर्शन कर सकेंगे।