बदलावः NCERT किताब से हटाया गया मुगल और दिल्ली सल्तनत का चैप्टर! महाकुंभ को मिली जगह, नए अध्याय भी जोड़े गए

Change: Chapter on Mughal and Delhi Sultanate removed from NCERT book! Maha Kumbh got a place, new chapters were also added

नई दिल्ली। दिल्ली की एनसीईआरटी की नई पाठ्यपुस्तकों में कक्षा 7 की किताबों से मुगलों और दिल्ली सल्तनत के सभी संदर्भ हटा दिए गए हैं। वहीं किताबों में भारतीय राजवंशों, पवित्र भूगोल, महाकुंभ और मेक इन इंडिया और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी सरकारी पहलों को शामिल किया गया है। बताया जा रहा है कि ये कदम राष्ट्रीय शिक्षा नीति और राष्ट्रीय पाठ्यचर्या ढांचे 2023 के अनुरूप हैं जो भारतीय परंपराओं, दर्शन, एजुकेशन सिस्टम और स्थानीय संदर्भ पर जोर देते हैं। NCERT की नई किताबों को इस हफ्ते जारी किया गया है, जिन्हें नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) और स्कूल शिक्षा के लिए राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा (एनसीएफएसई) 2023 के अनुरूप तैयार किया गया है। ये किताबें स्कूल के दौरान बच्चों को भारतीय परंपराओं, दर्शन, ज्ञान प्रणालियों और स्थानीय संदर्भ को जानने में अहम भूमिका अदा करेंगी। इस मामले में एनसीईआरटी के अधिकारियों का बयान भी सामने आया है। उनका कहना है कि ये पुस्तक का केवल पहला भाग है और दूसरा भाग आने वाले महीनों में आने की उम्मीद है। हालांकि, अधिकारियों ने ये साफ नहीं किया है कि किताबों से हटाए गए अंश, दूसरे भाग में किताब में शामिल होंगे या नहीं होंगे।

पहले भी किताब में छोटा किया गया था मुगलों से जुड़ा हिस्सा
पहले भी एनसीईआरटी ने मुगलों और दिल्ली सल्तनत पर कंटेंट को काफी छोटा किया था, जिसमें तुगलक, खिलजी, मामलुक और लोदी जैसे राजवंशों का विस्तृत विवरण और मुगल सम्राटों की उपलब्धियों पर दो पेजों की टेबल शामिल थी, लेकिन नई किताबों में उनके सभी संदर्भों को हटा दिया गया है। अब एनसीईआरटी की किताब में  सभी अध्याय नए हैं और मुगलों और दिल्ली सल्तनत का कोई उल्लेख नहीं है।

नए अध्याय भी जोड़े गए
सामाजिक विज्ञान की किताब "एक्सप्लोरिंग सोसाइटी: इंडिया एंड बियॉन्ड" में प्राचीन भारतीय राजवंशों जैसे मगध, मौर्य, शुंग और सातवाहन पर नए अध्याय जोड़े गए हैं। इसमें भारतीय लोकाचार पर ध्यान केंद्रित किया गया है। किताबों में पवित्र भूगोल, 12 ज्योतिर्लिंग, चार धाम यात्रा और शक्ति पीठ जैसे स्थानों का जिक्र किया गया है। किताब में महाकुंभ का भी उल्लेख किया गया है।