देवभूमि में चैत्र नवरात्रि की धूमः नैनीताल-ऊधम सिंह नगर समेत तमाम जगहों पर मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़! गंगोत्री धाम के कपाट खुलने की तिथि हुई घोषित

Chaitra Navratri celebrations are celebrated in Devbhoomi: Devotees throng temples in Nainital and Udham Singh Nagar, among others! The opening date of Gangotri Dham has been announced.

नैनीताल/रुद्रपुर। चैत्र नवरात्रि की शुरूआत आज हो चुकी है और देशभर में मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। इस दौरान हर तरफ माता रानी के जयकारे गूंज रहे हैं। उत्तराखण्ड में भी चैत्र नवरात्रि को लेकर उल्लास और आस्था का माहौल देखने को मिल रहा है। आज सुबह से ही ऊधम सिंह नगर, नैनीताल समेत तमाम जगहों पर मंदिरों में भक्तजनों की भीड़ देखने को मिली। नैनीताल के मां नयना देवी मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। इस दौरान भक्तजन मां के नौ रूपों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। चैत्र नवरात्रि के पहले दिन मंदिर परिसर भक्ति और आस्था के रंग में पूरी तरह रंगा नजर आया। दूर-दूर से आए श्रद्धालु मां नयना देवी के दर्शन कर खुद को धन्य महसूस कर रहे हैं। मंदिर में विशेष पूजन, दुर्गा सप्तशती पाठ और भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया जा रहा है। इस मंदिर से जुड़ी पौराणिक मान्यता भी बेहद खास है। मान्यता के अनुसार जब देवी सती ने अपने पिता दक्ष प्रजापति के यज्ञ में अपमानित होकर हवन कुंड में आत्माहुति दी, तो भगवान शिव उनका पार्थिव शरीर लेकर पूरे ब्रह्मांड में विचरण करने लगे। इससे सृष्टि का संतुलन बिगड़ने लगा। तब भगवान विष्णु ने सुदर्शन चक्र से सती के शरीर को खंडित किया। कहा जाता है कि सती की बाईं आंख नैनीताल में गिरी, जिसके बाद यहां मां नयना देवी की स्थापना हुई। यही कारण है कि इस स्थान को शक्तिपीठों में विशेष स्थान प्राप्त है। फिलहाल नवरात्रि के पावन दिनों में नैनीताल में भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिल रहा है और श्रद्धालु पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मां के दरबार में हाजिरी लगा रहे हैं।

अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर खुलेंगे गंगोत्री धाम के कपाट
इधर आज चैत्र नवरात्रि के पहले दिन गंगोत्री मंदिर समिति की ओर से गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोलने की तिथि घोषित की गई। समिति के अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल ने बताया कि अक्षया तृतीया पर 19 अप्रैल को शुभ लाभ बेला पर गंगोत्री धाम के कपाट दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। तीर्थ पुरोहितों ने कहा गंगा जी की विग्रह डोली 18 अप्रैल को मुखबा से रवाना होगी।