देहरादून:नाम ‘मासूम’,ज़ुबान में जहर!DAV PG कॉलेज में जनप्रतिनिधियों के सामने ही सिंगर मासूम ने दी भद्दी गालियां!युवाओं के बीच क्या यही है नया ‘एंटरटेनमेंट’?पुलिस ने भेजा नोटिस
नाम में मासूमियत, लफ़्ज़ों में गाली गलौच क्यों हैं,स्टारडम के नशे में ये सेलिब्रेटी इतना चूर क्यों हैं?
देहरादून के डीएवी पीजी कॉलेज में छात्रसंघ सप्ताह के तहत आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम उस वक्त चर्चा का विषय बन गया, जब हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा ने मंच से गानों के बीच ऐसी भाषा का इस्तेमाल कर दिया, जिसने ‘मासूम’ नाम और उनके व्यवहार के बीच गहरा विरोधाभास खड़ा कर दिया। जिस नाम का अर्थ ही भोला-भाला और सरल हो, उसी नाम से जुड़ा कलाकार जब मंच से गालियों की बौछार करता नजर आए, तो सवाल सिर्फ शब्दों पर नहीं, बल्कि सोच और जिम्मेदारी पर भी उठते हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे। हरियाणवी गायक अजय हुड्डा के साथ प्रस्तुति देने पहुंचे मासूम शर्मा ने अचानक गानों के बीच आक्रामक अंदाज अपनाया और मंच से अभद्र भाषा का इस्तेमाल शुरू कर दिया। गालियां किसके लिए थीं और किस संदर्भ में दी गईं, यह स्पष्ट नहीं हो पाया, लेकिन वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं।
दिलचस्प बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम के दौरान विधायक उमेश कुमार भी मौके पर मौजूद थे, जबकि कार्यक्रम में पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए थे। बताया जा रहा है कि उनके कार्यक्रम से जाने के बाद ही माहौल बिगड़ने लगा और हंगामा खड़ा हो गया। भगदड़ जैसी स्थिति में एक युवक घायल भी हुआ।
‘मासूम’ नाम के साथ यह व्यवहार कई लोगों को खटक रहा है। सोशल मीडिया पर यूजर्स तंज कसते हुए कह रहे हैं—“अगर यही मासूमियत है, तो फिर सख्ती किसे कहते हैं?” वहीं कॉलेज स्टाफ और पुलिस भी कार्यक्रम के दौरान असहज नजर आई।
मामले ने तूल पकड़ा तो पुलिस ने भी सख्ती दिखाई। डोईवाला थाना पुलिस ने मासूम शर्मा को नोटिस जारी कर 15 दिन के भीतर जवाब मांगा है। एसपी सिटी प्रमोद कुमार के अनुसार, कार्यक्रम में अभद्र भाषा के इस्तेमाल का संज्ञान लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने भी इस पर नाराजगी जताई है। उत्तराखंड क्रांति दल ने इसे पहाड़ की संस्कृति के खिलाफ बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। देहरादून के कई इलाकों में विरोध प्रदर्शन भी देखने को मिल रहे हैं।
विवाद बढ़ने पर मासूम शर्मा ने एक वीडियो जारी कर माफी मांगी। उन्होंने दावा किया कि उन्हें किसी अज्ञात बदमाश से धमकी मिल रही थी, जिसके चलते उनका गुस्सा मंच पर निकल गया। हालांकि, उन्होंने उस व्यक्ति की पहचान स्पष्ट नहीं की।
यह पहला मौका नहीं है जब मासूम शर्मा विवादों में आए हों। इससे पहले भी हरियाणा के जींद में एक कार्यक्रम के दौरान उनके तीखे और अहंकारी बयान चर्चा में रहे थे।
अब सवाल यही है—क्या मंच की चमक में कलाकार अपनी मर्यादा भूल रहे हैं? और क्या ‘मासूम’ नाम अब सिर्फ नाम भर रह गया है, जिसका व्यवहार से कोई लेना-देना नहीं?