मुजफ्फरपुर में खूनी हड़कंप: मंदिर में पूजा कर रहे प्रॉपर्टी डीलर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, सिरेशाम धमकी के बाद सुबह गोलियों से भूना
मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से कानून-व्यवस्था को चुनौती देती हुई एक बेहद सनसनीखेज और रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के डेरा चौक पर शनिवार सुबह बेखौफ अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए एक मंदिर परिसर के भीतर घुसकर स्थानीय किताब दुकानदार और जाने-माने प्रॉपर्टी डीलर श्याम कुमार कुशवाहा उर्फ श्याम सुंदर प्रसाद की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। भगवान के घर में हुई इस खूनी वारदात के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया है और स्थानीय लोगों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है।
जानकारी के अनुसार, श्याम कुमार कुशवाहा हर दिन की तरह शनिवार सुबह भी डेरा चौक स्थित मंदिर में भगवान की पूजा-अर्चना करने पहुंचे थे। वे जैसे ही मंदिर परिसर में दाखिल हुए, वहां पहले से ही घात लगाकर बैठे तीन हथियारों से लैस अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। वही प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अपराधियों के सिर पर खून सवार था। उन्होंने बेहद करीब से श्याम कुमार पर कई राउंड गोलियां दागीं, जिससे वे लहुलूहान होकर वहीं गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों हमलावर हथियार लहराते हुए बड़े आराम से मौके से फरार हो गए। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका दहल उठा। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों और रोते-बिलखते परिजनों की मदद से गंभीर रूप से जख्मी श्याम कुमार को इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें देखते ही मृत घोषित कर दिया। इस खूनी खेल ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतक के बड़े भाई मोहन प्रसाद ने रोते हुए प्रशासन पर लापरवाही का बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, "मेरा भाई सुबह मंदिर में पूजा करने गया था। पिछले कई दिनों से कुछ स्थानीय ग्रामीण उसे लगातार जान से मारने की धमकियां दे रहे थे। इस खतरे को लेकर हमने पहले ही थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। अगर पुलिस समय रहते कार्रवाई करती, तो आज मेरा भाई जिंदा होता। हम पुलिस से इस मामले में निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग करते हैं। हत्या की सूचना मिलते ही सिवाईपट्टी थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।इस मामले में मुजफ्फरपुर एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि तीन अभियुक्तों ने मंदिर के भीतर घुसकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया है। मौके पर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को बुलाया गया है। परिजनों के अनुसार, मृतक का कुछ लोगों के साथ पुराना विवाद चल रहा था और पूर्व में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी। पुलिस जमीन विवाद, आपसी रंजिश, पुरानी दुश्मनी और हालिया धमकियों समेत सभी पहलुओं पर गहराई से जांच कर रही है। इस जघन्य हत्याकांड के बाद से डेरा चौक और आस-पास के गांवों में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस का दावा है कि अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।