बड़ी खबरः सुप्रीम कोर्ट में बढ़ गई जजों की संख्या! कैबिनेट का फैसला मंजूर, राष्ट्रपति ने जारी किया अध्यादेश
नई दिल्ली। देश की न्याय व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। भारत सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या बढ़ाने के लिए नया अध्यादेश जारी किया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा जारी इस अध्यादेश के तहत अब सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या 33 से बढ़ाकर 37 कर दी गई है। कानून एवं न्याय मंत्रालय के विधायी विभाग द्वारा 16 मई 2026 को जारी राजपत्र के अनुसार “The Supreme Court (Number of Judges) Amendment Ordinance, 2026” तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। अध्यादेश में सुप्रीम कोर्ट (Number of Judges) Act, 1956 की धारा 2 में संशोधन किया गया है, जिसमें “thirty-three” शब्द की जगह अब “thirty-seven” कर दिया गया है।


राजपत्र में कहा गया है कि संसद का सत्र नहीं चल रहा था और परिस्थितियां ऐसी थीं कि तत्काल कदम उठाना आवश्यक हो गया था। इसी वजह से संविधान के अनुच्छेद 123 के तहत राष्ट्रपति ने अध्यादेश जारी किया। सुप्रीम कोर्ट में लगातार बढ़ रहे लंबित मामलों और न्याय प्रक्रिया में तेजी लाने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है। जजों की संख्या बढ़ने से मामलों की सुनवाई तेज होने और लंबित केसों का दबाव कम होने की उम्मीद जताई जा रही है।