Big Breaking: उत्तराखण्ड में अगले साल 28 जनवरी से शुरू होंगे राष्ट्रीय खेल! दिल्ली में ओलंपिक संघ की अध्यक्ष से मिले सीएम धामी, इसी माह जारी होगा पूरा कार्यक्रम

देहरादून। उत्तराखण्ड में आगामी 28 जनवरी से 14 फरवरी 2025 तक 38वें राष्ट्रीय खेल होंगे। इसी माह 25 अक्टूबर को प्रस्तावित भारतीय ओलंपिक संघ की आम सभा की बैठक में इसका पूरा कार्यक्रम जारी किया जाएगा। राष्ट्रीय खेलों के साथ ही विंटर नेशनल गेम का आयोजन भी उत्तराखंड में किया जाएगा। आज बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजधानी दिल्ली में भारतीय ओलम्पिक संघ की अध्यक्ष डॉ. पीटी उषा से भेंट की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि उत्तराखंड को 38वें राष्ट्रीय खेलों की जिम्मेदारी मिली है। इसके लिए उन्होंने भारतीय ओलम्पिक संघ की अध्यक्ष डॉ. पीटी उषा का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के लिए उत्तराखंड पूरी तरह से तैयार है। राष्ट्रीय खेलों के लिए राज्य में काफी इन्फ्रास्टक्चर बनकर तैयार है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेलों का आयोजन भव्य तरीके से किया जाएगा। जिन राज्यों में पिछले राष्ट्रीय खेल हुए हैं, उनके अनुभवों के आधार पर भी राज्य में और अच्छे तरह से खेलों के आयोजन के लिए कार्य किए जायेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा प्रयास होगा कि उत्तराखंड में होने वाले राष्ट्रीय खेलों का आयोजन अभी तक हुए राष्ट्रीय खेलों से बेहतर हो। कहा कि खेलों की अच्छी व्यवस्था के साथ ही खिलाड़ियों और देश भर से आने वाले लोगों के लिए उत्तराखंड मेंं होने वाले राष्ट्रीय खेल में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।