Big Breaking: लिव-इन, लव मैरिज और सेम सेक्स मैरिज पर प्रतिबंध की मांग! हरियाणा में जुटीं 300 खाप पंचायत, बनाई बड़ी रणनीति

नई दिल्ली। हरियाणा से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां जींद में आज रविवार को खाप महापंचायत हुई। इस दौरान महापंचायत में लिव-इन, लव मैरिज और सेम सेक्स मैरिज पर प्रतिबंध लगाए जाने की मांग उठी। खाप महापंचायत में हरियाणा, यूपी, राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश की 300 खाप पंचायतों के सदस्यों ने हिस्सा लिया। इस दौरान बनैन खाप के प्रमुख रघुबीर नैन ने कहा कि सबसे पहले लव मैरिज पर चर्चा हुई। खाप लव मैरिज के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन पैरेंट्स की सहमति जरूरी है, क्योंकि कोई भी माता-पिता अपने बच्चों को नुकसान नहीं पहुंचाना चाहता। उन्होंने कहा कि खाप एक ही गोत्र में विवाह के भी खिलाफ हैं। रघुबीर नैन ने कहा कि लिव-इन रिलेशनशिप के कारण भी पैतृक अधिकारों को लेकर विवाद हो रहा है। साथ ही समलैंगिक विवाह पर भी रोक लगनी चाहिए, क्योंकि जानवर भी इससे बचते हैं। रघुबीर नैन ने कहा कि खाप पंचायत के प्रतिनिधि प्रधानमंत्री और विपक्ष के नेता से मिलकर सरकार पर संबंधित कानून में संशोधन करने का दबाव बनाएंगे। उन्होंने कहा कि अगर हमारी मांगें पूरी नहीं की गईं और उचित कानून में संशोधन नहीं किया गया तो हम आंदोलन शुरू करेंगे। इस मुद्दे को आगे बढ़ाने के लिए 51 सदस्यीय समिति का गठन किया जा रहा है। इस दौरान एक महिला खाप नेता संतोष दहिया ने भी दावा किया कि लिव-इन रिलेशनशिप खराब है और इस पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। संतोष ने कहा कि सबसे बड़ा मुद्दा जिस पर चर्चा की गई वह लिव-इन रिलेशनशिप और एक ही गोत्र में शादी का है। लिव-इन रिलेशनशिप के कारण पारिवारिक व्यवस्था टूट रही है, क्योंकि इसे कानूनी बना दिया गया है। अपनी पसंद के व्यक्ति के साथ रहना कानूनी है। इसने समाज, बच्चों और हमारी संस्कृति को बुरी तरह प्रभावित किया है।