उत्तराखण्ड में फिर हिमस्खलन! गंगोत्री हाईवे के पास चांगथांग में ग्लेसियर आने से राजमार्ग बंद, कई क्षेत्रों का मुख्यालय से कटा सम्पर्क

उत्तरकाशी। उत्तराखण्ड में लगातार हिमस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। ताजा मामला उत्तरकाशी से सामने आया है, यहां गंगोत्री हाईवे पर धराली और जांगला पुल के बीच में तीसरी बार चांग थांग में हिमस्खलन हुआ है। हिमस्खलन के चलते गंगोत्री धाम सहित अंतरराष्ट्रीय सीमा का जिला मुख्यालय से सम्पर्क कट गया है, जिसके चलते यातायात अवरूद्ध हो गया है। जिला आपदा प्रबंधन विभाग ने इसकी पुष्टि की है। बता दें कि पिछले माह 28 फरवरी को जनपद के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हुई बर्फबारी के कारण डबराणी, झाला के समीप और धराली और भैरोघाटी के बीच भारी हिमस्खलन हुआ था। मौसम विभाग ने ऊंचाई वाले स्थानों में हिमस्खलन की चेतावनी दी थी। इसके बाद फिर धराली से आगे चांगथांग के समीप बड़ा हिमस्खलन हुआ। बर्फबारी के कारण गंगोत्री हाईवे बंद होने से वहां पर आवाजाही बंद हो गई थी। हिमस्खलन गंगोत्री हाईवे से करीब 100 मीटर नीचे भागीरथी नदी तक हुआ था।