गजब का चोर: पहले चुराया iPhone, फिर SMS और WhatsApp कर पीड़िता से ही मांगने लगा पासवर्ड! देहरादून में चोरी के बाद बेखौफ आरोपी ने किया संपर्क, पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल
देहरादून। उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। यहां चोरी की एक घटना ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्लेमेंट टाउन की रहने वाली कौशिकी ध्यानी ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल Kaushiki_28 पर एक रील पोस्ट कर उत्तराखंड पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि इलाके में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस चोरों तक नहीं पहुंच पा रही है। आरोप है कि स्थिति यहां तक पहुंच गई कि जिस चोर ने उनका मोबाइल चोरी किया, वही अब उन्हें मैसेज और WhatsApp करके फोन का पासवर्ड मांग रहा है। पीड़िता कौशिकी ध्यानी ने बताया कि 12 सितंबर को उनका मोबाइल फोन चोरी हुआ था। उनके साथ उनकी दोस्त के भाई सक्षम नेगी और कई अन्य लोगों के भी फोन चोरी हुए। उनका दावा है कि इसी दौरान कई लोगों के मैकबुक, मोबाइल फोन और लाखों रुपये का सामान भी चोरी किया गया। कौशिकी का आरोप है कि चोरी की इन घटनाओं को लेकर पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई। उनका कहना है कि न तो एफआईआर दर्ज की गई और न ही शिकायतों पर कोई कार्रवाई हुई। इसके बाद 16 सितंबर को भी उसी इलाके में चोरी की एक और घटना हुई। कौशिकी के मुताबिक, मामला सिर्फ मोबाइल चोरी तक सीमित नहीं है। उनका कहना है कि चोरी के बाद कथित चोर उन्हें SMS और WhatsApp कर रहा है। वह उनसे चोरी हुए फोन का पासवर्ड मांग रहा है।
कौशिकी ने आरोप लगाया कि चोरों को अब पुलिस का डर नहीं रहा। उनका कहना है कि चोरों को लगता है कि पुलिस उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकती और उन्हें पकड़ा नहीं जा सकता। इसी वजह से चोरी के बाद भी कथित चोर बेखौफ होकर पीड़िता से संपर्क कर रहा है। कौशिकी ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि जब वह चोरी की शिकायत करने पुलिस स्टेशन पहुंचीं तो वहां उन्हें कहा गया कि अभी यहां कोई नहीं है, बाद में आना। कौशिकी के मुताबिक, कई लोगों ने चोरी को लेकर शिकायत की थी, लेकिन उनकी एप्लीकेशन तक नहीं ली गई। उनका दावा है कि जब लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं, तब भी शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। कौशिकी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि DIT University और Graphic Era University के आसपास भी मोबाइल फोन और अन्य सामान चोरी होने की घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने दावा किया कि इन घटनाओं से संबंधित CCTV फुटेज भी उपलब्ध हैं और पुलिस को अलग-अलग मामलों की फुटेज और सुरागों को आपस में जोड़कर जांच करनी चाहिए। उनका कहना है कि यदि विभिन्न घटनाओं में एक ही गिरोह या संदिग्धों की भूमिका सामने आती है तो कई चोरी की वारदातों का खुलासा हो सकता है। उन्होंने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए उपलब्ध CCTV फुटेज, मोबाइल नंबर और कथित आरोपी की ओर से भेजे गए संदेशों की जांच करने की मांग की है।