उत्तराखण्ड के थानों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार! सोशल मीडिया पर फैलाई दहशत, जानें क्यों आक्रोशित था युवक

Accused arrested for threatening to blow up police stations in Uttarakhand with bombs! Panic spread on social media; find out why the young man was enraged.

देहरादून। उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को बम से उड़ाने की धमकी देकर सोशल मीडिया पर दहशत फैलाने वाले आरोपी को देहरादून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर धमकी भरे पोस्ट साझा कर प्रदेशभर में भय और आतंक का माहौल पैदा करने की कोशिश की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए देहरादून पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज किया और विशेष टीम गठित कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वह मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है, जिससे कथित रूप से धमकी भरे पोस्ट किए गए थे। बरामद मोबाइल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की अब विधिक जांच कराई जा रही है। पुलिस के अनुसार 21 जून को अज्ञात व्यक्ति द्वारा इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का इस्तेमाल करते हुए उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को बम से उड़ाने संबंधी धमकी भरे संदेश अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर प्रसारित किए गए थे। इन पोस्टों के तेजी से वायरल होने के बाद आम जनता में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया। साथ ही उत्तराखंड पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर भी गंभीर चिंता पैदा हुई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए देहरादून की नगर कोतवाली में अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। नगर कोतवाली के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सोशल मीडिया गतिविधियों का विश्लेषण करते हुए आरोपी जसप्रीत सिंह को देहरादून नगर कोतवाली क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से वह मोबाइल फोन भी बरामद किया गया, जिसका इस्तेमाल कथित रूप से धमकी भरी पोस्ट करने में किया गया था।

पूछताछ में कबूला धमकी देने का कारण
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कुछ दिन पहले चमोली जिले के कर्णप्रयाग क्षेत्र में स्थानीय युवकों और निहंग सिखों के बीच हुए विवाद तथा उसके बाद पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई से वह नाराज था। आरोपी ने बताया कि उसने उस घटना से जुड़ी सोशल मीडिया रीलें देखने के बाद गुस्से में आकर लोगों में दहशत फैलाने और उत्तराखंड पुलिस को चुनौती देने की मंशा से अपनी इंस्टाग्राम आईडी से 25 जून 2026 को उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों में बम विस्फोट करने संबंधी धमकीपूर्ण टिप्पणी पोस्ट की थी।