मिनिमलिस्टिक स्टोरीटेलिंग का कमाल है फिल्म September 21, ट्रेलर हुआ रिलीज! अल्जाइमर की दर्दभरी कहानी, दिल को छू लेने वाला सिनेमा 22 मई को रिलीज

A Masterpiece of Minimalist Storytelling: The Film *September 21*—Trailer Released! A Heartbreaking Tale of Alzheimer's; Heart-Touching Cinema Releasing on May 22.

Uttarakhand/Dehradun 

युवा फिल्ममेकर करेन क्षिति सुवर्णा की डेब्यू फिल्म “September 21” का टीज़र और ट्रेलर सामने आते ही दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। Alzheimer’s disease जैसे संवेदनशील मुद्दे पर आधारित यह फिल्म सिर्फ याददाश्त खोने की कहानी नहीं, बल्कि उन रिश्तों की पड़ताल करती है जो इस बीमारी के साथ धीरे-धीरे बिखरने लगते हैं।

 

ट्रेलर में एक बुजुर्ग व्यक्ति की जिंदगी को बेहद मार्मिक ढंग से दिखाया गया है, जो अपनी यादों और वास्तविकता से दूर होता जा रहा है। इस किरदार को प्रवीण सिंह सिसोदिया ने निभाया है, जिनका अभिनय फिल्म की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरता है। उनके चेहरे के भाव—डर, गुस्सा और बेबसी—दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़ते हैं। खासकर “कमला” को पुकारने वाला दृश्य ट्रेलर का सबसे प्रभावशाली पल बनकर सामने आता है। 

 

फिल्म में प्रियंका उपेंद्र ‘कमला’ के किरदार में नजर आएंगी, जो एक देखभाल करने वाली साथी के रूप में कहानी को भावनात्मक गहराई देती हैं। ज़रीना वहाब, अमित बहल, अजित शिधाये, सचिन पाटेकर और रिकी रुद्र जैसे अनुभवी कलाकार भी इस कहानी को मजबूती देते हैं, जिससे यह एक परतदार और यथार्थवादी फिल्म बनती दिख रही है। 

निर्देशक करेन क्षिति सुवर्णा ने फिल्म को मिनिमलिस्टिक और यथार्थवादी अंदाज में पेश किया है। घर की चारदीवारी के भीतर का तनाव, रिश्तों की खामोशी और मानसिक संघर्ष को उन्होंने बिना किसी अतिनाटकीयता के प्रभावी ढंग से उकेरा है। फिल्म के संवाद भी गहरे असर छोड़ते हैं, जैसे—“जिंदगी की गणित में हमेशा घाटा ही हाथ लगा”, जो कहानी की संवेदनशीलता को और बढ़ाते हैं।

 

अभिनेता प्रवीण सिंह सिसोदिया ने कहा, “इस फिल्म ने मुझे भावनात्मक रूप से बहुत गहराई से छुआ। हर दृश्य में एक सच्चाई और संवेदनशीलता है, और हमने ट्रेलर में भी उसी भावना को दिखाने की कोशिश की है। यह एक ऐसी कहानी है जो आपके साथ लंबे समय तक रहती है, और मुझे विश्वास है कि दर्शक भी इसकी गहराई को महसूस करेंगे।” फिल्म का संगीत विनय चंद्रा ने तैयार किया है। कन्नड़ संस्करण में विनय चंद्रा की आवाज़ और हिंदी में कैलाश खेर की मधुर गायकी फिल्म के भावनात्मक प्रभाव को और गहराई देती है।

हिंदी गीतकार शाश्वत और कन्नड़ गीतकार साई सर्वेश ने अपने संवेदनशील और अर्थपूर्ण शब्दों से संगीत को एक नई ऊंचाई दी है। वहीं, फिल्म की कथा-पटकथा राज शेखरन ने लिखी है, जबकि संवाद भूपेंद्र नंदन और विनय शांडिल्य ने तैयार किए हैं। फिल्म का निर्माण हमारा मूवी, विसिका फिल्म्स और FMD प्रोडक्शंस के बैनर तले किया गया है, जबकि फिल्म्स मैक्स सह-निर्माता के रूप में जुड़े हैं। फ्रेडरिक डी वॉस इस फिल्म से एसोसिएट प्रोड्यूसर के रूप में जुड़े हैं, जिससे फिल्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मजबूती मिली है। 

यह फिल्म हिंदी और कन्नड़—दोनों भाषाओं में एक साथ बनाई गई है और एक साथ ही रिलीज़ की जाएगी, जिससे यह व्यापक दर्शकों तक अपनी पहुंच बना सके। 

गौरतलब है कि September 21 पहले ही International Film Festival of India (IFFI) में ‘वर्क-इन-प्रोग्रेस’ कैटेगरी में प्रदर्शित हो चुकी है, जिससे इसे शुरुआती सराहना मिल चुकी है। अब यह फिल्म 16 मई को कान्स फिल्म फेस्टिवल में भी दिखाई जाएगी, जिससे इसकी अंतरराष्ट्रीय पहचान और मजबूत होने की उम्मीद है।

डायरेक्टर करेन क्षिति सुवर्णा और प्रवीण सिंह सिसौदिया फिल्म के सीन पर चर्चा करते हुए

 

प्रवीण सिंह सिसोदिया इससे पहले पीपली लाइव, गैंग्स ऑफ वासेपुर, रेड, इंडियाज मोस्ट वांटेड, हॉफ गर्लफ्रेंड और सुपर 30 जैसी फिल्मों में अपने अभिनय का दम दिखा चुके हैं। साथ ही उनकी वेबसीरीज़ इंस्पेक्टर अविनाश का दूसरा सीजन भी जल्द ही JioHotstar पर रिलीज होने वाला है।

संवेदनशील विषय, सधा हुआ निर्देशन और दमदार अभिनय के साथ September 21 एक ऐसी फिल्म बनकर उभर रही है, जो न सिर्फ मनोरंजन करेगी, बल्कि दर्शकों को अपने रिश्तों और अपनों की अहमियत को समझने के लिए भी प्रेरित करेगी। यह फिल्म 22 मई 2026 से देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

रिपोर्ट : कंचन वर्मा