उत्तराखण्ड के चंपावत में भाजपा नेता की हैवानियतः तीन साथियों संग हथियारों के बल पर नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म! हवस मिटाने के बाद मारपीट और नग्न अवस्था में छोड़ा, बच्ची को देख खौल उठा लोगों का खून
चंपावत। देवभूमि उत्तराखण्ड में हथियारों के बल पर नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह सनसनीखेज घटनाक्रम चंपावत जिले के सल्ली क्षेत्र का है, जहां भाजपा के मण्डल उपाध्यक्ष और पूर्व प्रधान पूरन सिंह रावत समेत तीन लोगों पर धारधार हथियारों के बल पर नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म करने के गंभीर आरोप लगे हैं। नाबालिग पीड़िता एक डेयरी के कमरे में नग्न अवस्था में बरामद हुई। इस घटना के बाद लोगों में जबदस्त आक्रोश देखने को मिल रहा है।
बताया जाता है कि आरोपितों ने हैवानियत की हदें पार कर दी। दुष्कर्म के बाद जब पीड़िता ने अपने घर फोन करने का प्रयास किया तो आरोपितों ने उसका फोन छीनकर उसके साथ मारपीट की और हाथ पैर बांधकर निर्वस्त्र छोड़ कमरे में ताला लगाकर चले गए। इधर इस घटनाक्रम के सामने आने के बाद गुस्साए लोग कोतवाली पहुंच गए और आरोपितों के खिलाफ कार्यवाही की मांग उठने लगी। बताया जाता है कि इसी बीच आरोपित पक्ष के लोगों ने पीड़ित के समर्थन में आए लोगों के साथ मारपीट की। इससे कोतवाली में अफरा-तफरी मच गयी।
इधर मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों भाजपा मण्डल उपाध्यक्ष पूरन सिंह रावत, विनोद सिंह रावत और नवीन सिंह रावत के खिलाफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य संकलन एकत्रित किए हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने घटना पर आक्रोश जताते हुए पुलिस से तत्काल कार्यवाही की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को चंपावत कोतवाली में एक पिता ने तहरीर देकर तीन लोगों पर उसकी नाबालिग बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया। तहरीर में पिता ने बताया है वह एक बीमार व्यक्ति हैं। उनका इलाज कराने के लिए उनकी बेटी उन्हें गांव से चंपावत लाई थी। बताया कि पांच मई 2026 को उनकी नाबालिग बेटी शाम को घर वापस नहीं लौटी। मैंने फोन में पूछा तो उसने बताया लगभग दोपहर 2ः30 बजे युवक विनोद सिंह रावत उसे शादी में सल्ली ले गया है। जो उससे पिछले कुछ समय से बात करता था। तहरीर में पिता ने बताया कि जब देर रात तक उनकी बेटी घर वापस नहीं लौटी तो उनके बेटी को कॉल किया गया, लेकिन उसका फोन नहीं लगा। देर रात 1ः28 पर उनकी बेटी ने उन्हें कॉल की, इसके तुरंत बाद उसका फोन स्विच ऑफ आने लगा। बताया कि स्थानीय लोगों और पुलिस की खोजबीन के बाद सुबह 4 बजे उनकी नाबालिग बेटी एक डेयरी के कमरे में नग्न अवस्था में बंधी हुई मिली। पूछताछ में उनकी बेटी ने बताया कि सल्ली निवासी तीन लोगों ने उसके साथ जबरन सामूहिक दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। तहरीर में बताया कि आरोपियों ने धारदार हथियारों के बल पर उनकी बेटी के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद तीनों आरोपियों ने उनकी नाबालिग बेटी को रस्सी से बांध कर नग्न अवस्था में कमरे में ताला लगाकर बंद कर दिया और मौके से फरार हो गए।
भाजपा मंडल उपाध्यक्ष, पूर्व ग्राम प्रधान सहित तीन पर आरोप! कोतवाली में हंगामा
इधर इस सनसनीखेज मामले के सामने आने के बाद लोगों में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिल रहा है। स्थानीय लोगों ने आरोपितों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। आज दुष्कर्म की घटना की सूचना मिलने पर पूर्व मंडल अध्यक्ष कमल रावत कोतवाली पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान उनपर आरोपित पक्ष ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया। कुछ ही समय के बाद आठ से 10 लोगों ने हमला बोल दिया। जिसके बाद पुलिस ने बीच बचाव किया। इस दौरान कोतवाली में खासा हंगामा हुआ और अफरा-तफरी मच गयी। बताया जाता है कि पीड़ित पक्ष की ओर से शिकायत लेकर पहुंचे कमल रावत संग दो लोगों ने मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान आठ से 10 लोग कोतवाली के अंदर घुस गए और हमला बोल दिया। इस दौरान पुलिस ने बलपूर्वक लोगों को वहां से हटाया। आरोपितों में पूरन सिंह रावत पूर्व प्रधान है और भाजपा में मंडल उपाध्यक्ष पद भी है। दूसरा आरोपित नवीन डेयरी का काम करता है और तीसरा आरोपित विनोद प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा है। फिलहाल इस घटनाक्रम को लेकर लोगों में खासा आक्रोश देखने को मिल रहा है और मामले में भाजपा से जुड़े व्यक्ति का नाम आने के बाद सियासत भी गरमाती नजर आ रही है। बताया जा रहा है कि मामले में पुलिस ने एक आरोपित को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है।
