भारत एवं नेपाल के बीच भारत के डोडा को नेपाल के लाली से जोड़ेने वाले अंतरराष्ट्रीय झूला पुल का उद्घाटन।

राजेन्द्र कुमार जोशी अस्कोट पिथौरागढ़

भारत एवं नेपाल के बीच भारत के डोडा को नेपाल के लाली से जोड़ेने वाले अंतरराष्ट्रीय झूला पुल का उद्घाटन शुक्रवार को भारत एवं नेपाल के अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। भारत एवं नेपाल सरकार की आपसी सहमति से इस झूला पुल को नेपाल सरकार द्वारा लगभग 1 करोड़ 25 लाख नेपाली रुपये की लागत से बनाया गया। पुल के निर्माण से दोनों देशों के 50 गांवों को इसका लाभ मिलेगा। दोनों देशों की आपसी सहमति से इस पुल के निर्माण से क्षेत्र को आर्थिक, धार्मिक, सास्कृतिक एवं पर्यटन के क्षेत्र में लाभ मिलेगा। इस पुल से दोनों देशों के निवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

भारत की ओर से डीडीहाट विधायक विशन सिंह चुफाल भी उदघाटन के अवसर पर मौजूद रहे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज यह पुल दोनों देशों की जनता को समर्पित किया गया है, इसके निर्माण से दोनों देशों के दर्जनों गांवों को इसका विभिन्न प्रकार से लाभ मिलेगा।  उन्होंने दोनों देशों के आपसी रिश्तों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत व नेपाल के मध्य रोटी व बेटी का रिश्ता रहा है। क्षेत्र की लंबे समय से जो मांग थी आज वह पूरी हुई।इससे यहां के नौजवानों को लाभ मिलेगा। इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे,ओर दोनों क्षेत्रों का विकास होगा।

नेपाल की तरफ से उद्घाटन के अवसर पर मौजूद प्रमुख जिला समन्वय समिति करवीर कार्की ने कहा कि इस झूला पुल के निर्माण से दोनों देशों को आर्थिक लाभ मिलेगा। इससे व्यापार बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि इस पुल के निर्माण से अकेले नेपाल के लगभग 50 हजार व्यक्तियों को आवागमन की सुविधा मिलेगी।उद्घाटन के मौके पर पिथौरागढ़ जिलाधिकारी विजय कुमार जोगदण्डे ने कहा कि सीमांत क्षेत्र के लिए यह पुल अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसके निर्माण से दोनों देशों के मध्य आवागमन सहज होगा। झूला पुल के उदघाटन अवसर पर नेपाल की ओर से डी एस पी डम्बर सिंह, प्रहरी निरीक्षक कवींद्र कठायत ,लेकम गांव पालिका अध्यक्ष परमानंद जोशी, प्रमुख प्रशासकीय अधिकृत धर्मराज उपाध्याय तथा भारत की ओर से उपजिलाधिकारी डीडीहाट के एन गोस्वामी, धारचूला अनिल शुक्ला,अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग दीपक गुप्ता,समेत क्षेत्र के विभिन्न जनप्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे। इससे पूर्व दोनों देशों के अधिकारियों जनप्रतिनिधियों द्वारा एक दूसरे का स्वागत करते हुए पुल के निर्माण पर बधाई दी।