क्रिकेट की दुनिया से सन्यास लेने के बाद क्या धोनी करेंगे सरहद पर जाकर देश की सेवा

15 अगस्त के दिन भारतीय क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी ने इंस्ट्राग्राम में अपने रिटायरमेंट को लेकर एक पोस्ट किया जिसके बाद क्रिकेट जगत से लेकर हर जगह माही के सन्यास की खबरें वायरल हो गयी। महेंद्र सिंह धोनी ने अपने इंस्टाग्राम पर लिखा, "अब तक आपके प्यार और सहयोग के लिए धन्यवाद। शाम सात बजकर 29 मिनट (1929)से मुझे रिटायर्ड समझिए।"



धोनी के सन्यास लेने के बाद एक बड़ा सवाल खड़ा हो रहा है क्या अब धोनी देश की सेवा सरहद पड़ जाकर करेंगे? ये सवाल उठना भी लाज़मी है क्योंकि धोनी का देश प्रेम किसी से छुपा नहीं, उनके एक दोस्त के हवाले से सोशल मीडिया में यही खबर वायरल भी हो रही है कि एमएस धोनी रिटायरमेंट के बाद देश-सेवा करना चाहते हैं, इसके लिए वह बतौर सैनिक दुनिया के सबसे दुर्गम इलाकों में शुमार सियाचिन में पोस्टिंग चाहते हैं!

माही की ख्वाहिश है कि उन्हें कुछ महीनों के लिए सियाचिन में पोस्टिंग मिले,धोनी देश की सेवा करना चाहते हैं, जैसे सैनिक करते हैं। बताया जा रहा है कि धोनी जल्द ही सेना से संपर्क कर अपनी इच्छा जाहिर कर सकते हैं। एमएस धोनी भारतीय सेना की टेरिटोरियल आर्मी में लेफ्टिनेंट कर्नल के मानद पद पर तैनात हैं। धोनी ने बाकायदा पैराट्रुपर की ट्रेनिंग भी ली है।धोनी कई मौकों पर सेना के प्रति अपना सम्मान और प्यार भी जता चुके हैं। बीते साल जब धोनी को भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान के लिए पद्मभूषण सम्मान से सम्मानित किया गया तो उन्होंने सैन्य अधिकारी की ड्रेस में ही पद्म भूषण सम्मान ग्रहण किया था।


फ़ोटो साभार फेसबुक।


महेंद्र सिंह धोनी के रिटायरमेंट पर केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह ने फेसबुक पर पोस्ट कर कहा, "बुलंदी पर पहुंचने से अधिक कठिन होता है बुलंदी पर टिके रहना। जब भारतीय क्रिकेट में वह विश्वास पनप रहा था कि वह विश्व विजेता बन सकता है तब धोनी ने टीम की बागडोर संभाली। एक अच्छा नेतृत्व वही होता है जो टीम की गति तो संभाले ही साथ ही भविष्य पर भी एक आंख गड़ा कर रखे।"

वीके सिंह ने अपनी पोस्ट में आगे कहा, "धोनी ने यह उत्तरदायित्व तो अच्छे से निभाया ही, साथ में विश्व के सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर एक ऐसी भूमिका निभाई जिससे भारतीय टीम विश्व की सबसे संतुलित टीमों में से एक बनी। आज माही ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया, मगर उनका प्रवेश भारतीय दिग्गजों के महकमे में हो रहा है जो एक बहुत ही विशिष्ट उपलब्धि है। धन्यवाद माही।"

फ़िलहाल माही के क्रिकेट की दुनिया से सन्यास लेने के बाद उनके सेना जॉइन करने से पर्दा कब तक उठेगा ये देखना दिलचस्प होगा।