दिल्ली के जंतर-मंतर लाठीचार्ज के विरोध में नैनीताल में यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस का पुतला फूंका

Youth Congress protest in Nainital against lathicharge at Jantar Mantar in Delhi, effigies of Central Government and Delhi Police burnt

दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 जुलाई को विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों और युवाओं पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध की गूंज अब नैनीताल तक पहुंच गई है। राजधानी में प्रदर्शन के दौरान कई छात्रों के घायल होने की खबरों के बीच सोमवार को यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नैनीताल के पंत पार्क में धरना-प्रदर्शन कर केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने दोनों का संयुक्त रूप से पुतला दहन कर घटना के प्रति रोष व्यक्त किया।

 


प्रदर्शनकारियों का कहना था कि छात्र और युवा अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन उनके साथ जिस प्रकार बल प्रयोग किया गया, वह लोकतांत्रिक व्यवस्था और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सीधा प्रहार है।

उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी आवाज बुलंद करने पहुंचे छात्रों पर लाठीचार्ज करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे लोकतांत्रिक मूल्यों को ठेस पहुंची है।


यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, कथित लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा छात्रों और युवाओं की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं दोहराई गईं तो आंदोलन को और व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।


धरना-प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि लोकतंत्र में असहमति की आवाज को बलपूर्वक दबाने का प्रयास किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने छात्रों के साथ एकजुटता व्यक्त करते हुए उनके न्यायपूर्ण आंदोलन का समर्थन करने की बात भी कही।