मौसम का मिजाजः हिमाचल और उत्तराखण्ड में शीतलहर का अलर्ट! राजस्थान के कई इलाकों में 5 डिग्री से नीचे लुढ़का पारा

नई दिल्ली। उत्तर भारत में ठण्ड का खासा असर देखने को मिल रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के निचले पहाड़ी क्षेत्रों में भीषण शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों के लिए हिमाचल प्रदेश के 12 जिलों में से चार के निचले पहाड़ी और मैदानी इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर गंभीर शीत लहर की स्थिति बन सकती है। वहीं राजस्थान के कुछ हिस्सों में कड़ाके की ठंड जारी है। मौसम विभाग ने बताया कि राजस्थान के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड जारी है और कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार करौली में सबसे कम रात का तापमान 1.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इधर उत्तराखण्ड की बात करें तो मौसम विभाग के मुताबिक आज 17 दिसंबर से तापमान में और कमी आएगी। साथ ही शीतलहर चलने की चेतावनी भी है। इसके कारण आने वाले दिनों में ठंड अभी और परेशान करेगी। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस सप्ताह भी न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिसके चलते रातें और भी सर्द होंगी।