विजय दिवस आजः देहरादून में हुआ श्रद्धांजलि समारोह! सीएम धामी की बड़ी घोषणा, रोडवेज में फ्री सफर करेंगी शहीदों की वीरांगनाएं और माताएं

 Vijay Diwas today: Tribute ceremony held in Dehradun! CM Dhami's big announcement, brave women and mothers of martyrs will travel free on roadways

देहरादून। आज प्रदेशभर में विजय दिवस धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस मौके पर राजधानी देहरादून स्थित परेड ग्राउंड में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तमाम वीरांगनाओं और रिटायर्ड सैनिकों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घोषणा की कि शहीद सैनिकों की वीरांगनाओं और माताओं को निशुल्क यात्रा की सुविधा दी जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विजय दिवस का दिन सेना और देश ने लिए बहुत ही ऐतिहासिक और गौरवान्वित करने का दिन है। आज के दिन पाकिस्तानी सेना ने हमारी सेना के सामने अपने घुटने टेक दिए थे। भारत की सेना हमेशा से ही पराक्रमी रही है और इस सेना का हमेशा से ही शौर्य रहा है। भारतीय सेना ने करीब एक लाख पाकिस्तानी सेना को आत्मसमर्पण के लिए मजबूर किया था। देश में सैनिकों को आगे बढ़ाने, उनके मनोबल को आगे बढ़ाने और उनके परिवार के कल्याण के लिए पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योजनाएं बनाई जा रही हैं। आज भारत हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है, भारत की सीमाएं सुरक्षित हैं। सीएम धामी ने कहा कि  पहले चक्र विजेताओं की वीरांगनाओं को निशुल्क यात्रा की सुविधा दी जा रही थी। अब सभी शहीद सैनिकों की वीरांगनाओं और उनकी माताओं को परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा दी जाएगी।