Sep 14, 2026 Login

उत्तराखण्डः काम की तलाश में गरुड से गोवा जा रहा युवक चलती ट्रेन से गिरा! हुई मौत, परिवार में मचा कोहराम

Uttarakhand: Youth traveling from Garud to Goa in search of work falls from moving train; dies, leaving family devastated.

रुद्रपुर। रुद्रपुर से एक दुखद खबर सामने आई है, यहां भूरारानी रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास चलती ट्रेन से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय दीपक नैथवाल पुत्र नन्द किशोर, निवासी गरूड़, बागेश्वर के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी है। जानकारी के अनुसार, डायल-112 के माध्यम से पुलिस को करीब 10ः38 बजे सूचना मिली कि अमरदीप कॉलोनी, भूरारानी रोड रेलवे क्रॉसिंग के पास एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार मौके पर एक व्यक्ति रेलवे पटरी के पास पड़ा हुआ मिला, जिसके शरीर से कई जगह से खून निकल रहा था। घटनास्थल के पास पुलिस को टूटा हुआ मोबाइल फोन भी मिला, जिसमें दो सिम कार्ड लगे हुए थे। पुलिस ने युवक को एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मौके से मिले मोबाइल में मौजूद सिम कार्ड के आधार पर परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया। एक नंबर पर संपर्क करने पर मृतक की पहचान दीपक नैथवाल के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, परिजनों ने बताया कि दीपक अपने दोस्तों रोहित कठायत, कैलाश और आनंद के साथ गोवा काम के लिए जा रहा था। वहीं, दीपक के दोस्त रोहित कठायत से फोन पर संपर्क किए जाने पर उसने बताया कि वे सभी ट्रेन में दरवाजे के पास खड़े थे तभी अचानक दीपक नीचे गिर गया। इससे वह घबरा गए और मुरादाबाद की ओर चले गए। हांलाकि उन्होंने मुरादाबाद से वापस आने की बात कही है। पुलिस ने शव को मोर्चरी भिजवा दिया है। पुलिस अब हादसे के कारणों की जांच कर रही है। हादसे की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।