उत्तराखण्डः रुद्रपुर पहुंचे केन्द्रीय मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा! विकास कार्यों के आंकड़े देख हुए प्रभावित, बोले- जल्द विकसित जनपदों की श्रेणी में शामिल होगा यूएस नगर

रुद्रपुर। भारत सरकार के विदेश राज्य एवं टेक्स्टाइल मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा की अध्यक्षता में आकांक्षी जनपद कार्यक्रम की समीक्षा बैठक रुद्रपुर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। इस दौरान उन्होंने आकांक्षी जनपद कार्यक्रम के तहत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि जनपद के वर्तमान आंकड़े काफी प्रभावशाली हैं, जनपद निरंतर विकास की ओर अग्रसर है। उन्होंने जिला प्रशासन व विभिन्न विभागों द्वारा किये जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि शीघ्र ही ऊधम सिंह नगर जनपद आकांक्षी जनपदों की श्रेणी से विकसित जनपदों की श्रेणी में शामिल हो जाएगा। वहीं बैठक से पूर्व मुख्य विकास अधिकारी मनीष कुमार ने मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद में आकांक्षी जनपद कार्यक्रम के तहत किए जा रहे कार्यों की जानकारी केंद्रीय मंत्री को दी। उन्होंने बताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, सिंचाई, कौशल विकास तथा मूलभूत अवसंरचना के क्षेत्रों में विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जनपद का समग्र स्कोर पिछले वर्षों की तुलना में बढ़ा है व मार्च 2024 में जारी रैंकिंग के आधार पर 112 आकांक्षी जनपदों में ऊधम सिंह नगर 22 वीं रैंक पर है। उन्होेंने बताया कि कृषि के क्षेत्र में ग्रीष्मकालीन धान की कृषि नहीं किये जाने व उसके स्थान पर मक्का व गन्ना की कृषि किए जाने हेतु कृषकों को जागरूक किया गया है। उन्होंने बताया कि जनपद में लघु सिंचाई क्षेत्र बढ़ा है। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जनपद में वैक्सीनेटेड पशुओं का प्रतिशत 99.78 है जो कि सर्वाधिक है।