उत्तराखण्डः मौसम का बदलेगा मिजाज! कोहरे और शीतलहर का अलर्ट, पहाड़ से लेकर मैदान तक बढ़ी ठिठुरन

देहरादून। उत्तराखण्ड में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग की मानें तो अगले दो दिन कोहरा छाने की आशंका है। इसके बाद शीतलहर लोगों को परेशान कर सकती है। 17 दिसंबर से तापमान में और कमी आएगी और शीतलहर चलने की आशंका है। इसके कारण आने वाले दिनों में ठंड अभी और परेशान करेगी। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस सप्ताह भी न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिसके चलते रातें और भी सर्द होंगी। एक दिसंबर से अब तक के तापमान की बात करें तो दून में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया जा रहा है। जबकि बीते चार दिन से न्यूनतम तापमान पांच डिग्री से नीचे ही रह रहा है। इसके चलते दिन के मुकाबले रात के समय अधिक ठंड हो रही है और सर्द हवाएं खूब परेशान कर रही हैं। इधर बदरीनाथ धाम में इन दिनों बर्फ नहीं है, लेकिन कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ऐसे में यहां झरने के साथ ही उर्वशी धारा भी जम गई है। पिछले कुछ समय से बदरीनाथ धाम में शीतलहर का प्रकोप बना है। यहां सुबह और शाम को हाड़कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है।