उत्तराखंड:गौरवशाली पल: कर्नल अमित बिष्ट होंगे नेशनल एडवेंचर अवार्ड से सम्मानित,कर्नल की उपलब्धियां गिनते गिनते थक जाओगे

उत्तराखंड के इतिहास में एक और गौरवशाली पल जुड़ने जा रहा है। नेहरू पर्वतारोहण संस्थान , (NIM) उत्तरकाशी के प्रिंसिपल कर्नल अमित बिष्ट को माउंटेनिंग के क्षेत्र में उनके द्वारा बनाये गए विश्व रिकॉर्ड पर भारत के प्रतिष्ठित " तेनजिंग नोग्रे नेशनल एडवेंचर अवार्ड( जो कि अर्जुन अवार्ड के समकक्ष माना जाता है) देने की घोषणा की गई है। ये अवार्ड उन्हें दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में 13 नवंबर 2021 को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा दिया जाएगा।
कर्नल अमित बिष्ट उत्तराखंड का जाना पहचाना नाम है उन्होंने ऐसे कई पर्वत शिखरों पर फतेह हासिल की है जो अति दुर्गम और जिन पर सफलता हासिल करना बेहद ही मुश्किल माना जाता था इनमें से कई अनाम पर्वत श्रेणियां भी रहीं। उन्होंने कुछ ही समय पहले एवरेस्ट की चोटी पर भी भारतीय तिरंगा लहरा कर पूरे भारत का मान बढ़ाया था। कर्नल अमित बिष्ट NIM के पहले ऐसे प्रिंसिपल है जिन्होंने अपने कार्यकाल में एवरेस्ट पर फतह हासिल कर नया रिकॉर्ड कायम किया। कर्नल अमित बिष्ट ने अपने 20 वर्ष के पर्वतारोहण करियर में 35 चोटियों का आरोहण किया है,जिसमें इस वर्ष जून माह में विश्व की सबसे ऊंची चोटी एवरेस्ट का सफल आरोहन भी शामिल है। इन 35 चोटियों में से 20 चोटियां ऐसी हैं, जिन्हें आरोहण करने वाले कर्नल अमित बिष्ट पहले पर्वतारोही बने हैं।
आपको बता दें कि कर्नल अमित बिष्ट के नेतृत्व में 8 सदस्यीय टीम ने अक्टूबर 2018 में मात्र छह दिनों के अंतराल में ही चार चोटियों का आरोहण किया। इन चोटियों का नाम अलट-प्रथम, अटल द्वितीय, अटल तृतीय और अटल चतुर्थ रखा गया है। इसके अलावा उन्होंने हार्न आफ हर्षिल का भी सफल आरोहण किया। साथ ही पहली बार भारत-चीन सीमा पर निम(NIM) के प्रधानाचार्य कर्नल अमित बिष्ट ने आइटीबीपी के साथ छह अनाम चोटियों का सफल आरोहण किया और लंबी दूरी गश्त भी की थी।
गौरतलब है कि तेनजिंग नोर्गे नेशनल अवॉर्ड-2020 के लिए देशभर से कुल 7 लोगों का चयन हुआ है। इनमें चार धरातलीय साहसिक, एक जल साहसिक, एक वायु साहसिक और एक का चयन लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड के लिए किया गया है। अवॉर्ड जीतने वालों में उत्तराखंड के दो लोगो का नाम शामिल है। कर्नल के अलावा शीतल राज को भी इस अवार्ड से नवाजा जाएगा। युवा कल्याण एवं खेलकूद मंत्रालय की ओर से इन्हें 13 नवंबर को तेनजिंग नोर्गे नेशनल एडवेंचर अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा।