देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में भूचाल ला देने वाले एक हाई-प्रोफाइल घटनाक्रम में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू को विशेष जांच दल ने उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार कर लिया है। लंबे समय से कानून की पहुंच से दूर भाग रहे आरोपी की नेपाल भागने की पूरी योजना थी, जिसे एसआईटी की मुस्तैदी ने समय रहते नाकाम कर दिया। यह मामला सिर्फ एक हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी भर नहीं है, बल्कि यह इस बात का भी जीवंत उदाहरण है कि कानून की नजर में सत्ता, प्रभाव और रसूख से परे हर नागरिक समान है।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच चल रहा विवाद अब एक बड़े कानूनी मोड़ पर पहुंच गया है। लंबे समय से फरार चल रहे गिरधारी लाल साहू को विशेष जांच दल (एसआईटी) ने उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वह झांसी से गोरखपुर होते हुए नेपाल भागने की तैयारी में थे। इसी बीच एसआईटी की टीम ने उन्हें दबोच लिया। इस गिरफ्तारी के बाद उत्तराखंड की राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में मामला एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है। गिरधारी लाल साहू की गिरफ्तारी के लिए उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश की पुलिस टीमें लगातार तलाश में जुटी थीं। कई दिनों से फरार होने के चलते उनकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी। मामले की जांच कर रही एसआईटी का नेतृत्व जया बलूनी कर रही हैं। पुलिस के अनुसार, गिरधारी लाल को पूछताछ के लिए तीन बार नोटिस भेजे गए थे, लेकिन वह जांच में शामिल नहीं हुए। इसके बाद जांच एजेंसी ने न्यायालय से उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट प्राप्त किया। उनकी अग्रिम जमानत याचिका भी खारिज हो चुकी थी। इस पूरे प्रकरण की शुरुआत उस समय हुई, जब कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ देहरादून की कैंट कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने मारपीट, उत्पीड़न, धोखाधड़ी, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने, जान से मारने की धमकी देने और हत्या की साजिश रचने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। रेखा आर्या ने यह आरोप भी लगाया था कि गिरधारी लाल साहू ने अपनी पहली शादी की जानकारी छिपाकर उनसे विवाह किया। इसके अलावा कथित तौर पर फर्जी हस्ताक्षरों के माध्यम से उन्हें कंपनियों के निदेशक पद से हटाए जाने का आरोप भी लगाया गया था। इन शिकायतों के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच दल का गठन किया था। गिरधारी लाल साहू ने अपने खिलाफ दर्ज मुकदमे को निरस्त कराने के लिए उत्तराखंड हाईकोर्ट का भी दरवाजा खटखटाया था, लेकिन अदालत से उन्हें राहत नहीं मिली। इसके बाद उनकी गिरफ्तारी की कार्रवाई और तेज हो गई थी। लंबे समय से फरार चल रहे गिरधारी लाल साहू की गिरफ्तारी को जांच की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। अब एसआईटी उनसे पूछताछ कर शिकायत में लगाए गए आरोपों, कथित धोखाधड़ी, पारिवारिक विवाद और कंपनियों से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल करेगी। गिरफ्तारी को लेकर एसआईटी की ओर से विस्तृत जानकारी प्रेस वार्ता में दिए जाने की बात कही गई है। फिलहाल सभी आरोप जांच के अधीन हैं और उनकी पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी। अब सबकी निगाहें एसआईटी की पूछताछ और आगे होने वाली कानूनी कार्रवाई पर टिकी हैं।






