उत्तराखण्डः उद्यान विभाग के अधिकारियों ने किया जैवप्रौद्योगिकी परिषद् हल्दी का भ्रमण! शोध कार्यों की जानकारी जुटाई

पंतनगर। उद्यान विभाग में नवनियुक्त 14 अधिकारियों ने विभागीय स्तर पर राज्य में स्थित शोध संस्थानों से ज्ञानोपार्जन एवं औद्यानिक क्रियाकलापों की तकनीकी प्राप्त करने के क्रम में उत्तराखण्ड जैवप्रौद्योगिकी परिषद् हल्दी का भ्रमण किया। अधिकारियों के दल ने हल्दी पहुंचकर परिषद् की आधुनिक तकनीकों से युक्त प्रयोगशालाओं का भ्रमण कर वहां गतिशील शोध कार्यों के बारे में जानकारी प्राप्त की। निदेशक डॉ. संजय कुमार के मार्गदर्शन में संचालित इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान अधिकारियों को पादप ऊतक संवर्धन विधि से पादपों का विकास, कीवी फल व अखरोट, तथा हाइड्रोपोनिक्स तकनीक, पर्यावरणीय प्रयोगशाला में जल, मृदा एवं वायु गुणवत्ता जांच की विधि तथा आणविक जीव विज्ञान प्रयोगशाला में डीएनए पृथक्करण, बायोसेंसर इत्यादि की जानकारी वैज्ञानिकों द्वारा दी गयी। वैज्ञानिक डॉ. सुमित पुरोहित ने अधिकारियों का मार्गदर्शन किया एवं प्रयोगशाला के नवीन तकनीकों के साथ परिषद् में स्थित पॉली हाउस में हाइड्रोपोनिक तकनीक से विकसित की जाने वाली प्रजातियों के बारे में भी जानकारी दी। इसके अलावा अधिकारियों को परिषद् में संचालित अल्पावधि प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं परिषद् के दो क्षेत्रीय केन्द्रों पटवाडांगर, नैनीताल एवं भाऊवाला, देहरादून के बारे में भी जानकारी दी। वरिष्ठ बागवानी अधिकारी रविन्द्र कुमार ने भ्रमण दल का नेतृत्व किया। यहां भ्रमण दल में राहुल राणा, गायत्री, मनोरंजन सिंह भण्डारी, युगल शर्मा, नितिन नौटियाल, पूर्णिता रतूड़ी, प्रियंका, विवेक सिंह, यामिनी सनवाल, पारस ढेला, सचिन पैन्यूली, मनोज सिंह धर्मशक्तु, सुनील कुमार गुप्ता व देवेन्द्र सिंह सांघा उपस्थित रहे। इस दौरान परिषद् के वैज्ञानिक डॉ. सुमित पुरोहित सहित सौरभ पंडा, पूजा तिवारी, सरिता बिष्ट, बबीता, सम्पत कुमार, ललित मिश्रा एवं कंचना बिष्ट ने इस भ्रमण कार्यक्रम में सहयोग प्रदान किया।