उत्तराखण्डः राज्य की सीमाओं पर हाई अलर्ट! पुलिस के साथ ITBP के जवान भी तैनात, जानें क्या है पूरा मामला?

Uttarakhand: High alert at state borders! ITBP personnel deployed alongside the police; find out the full story.

देहरादून। उत्तराखंड में बीते कुछ दिनों से चल रहे निहंग सिखों के विवाद के बीच सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। निहंगों द्वारा उत्तराखंड कूच के ऐलान के बाद राज्य की सीमाओं पर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। विशेष रूप से हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश से लगने वाली सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व रूप से मजबूत किया गया है। पुलिस, अर्धसैनिक बलों और खुफिया एजेंसियों को चौकन्ना रहने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी स्थिति से निपटा जा सके। देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र में स्थित कुल्हाल बॉर्डर, जो हिमाचल प्रदेश से उत्तराखंड में प्रवेश का प्रमुख मार्ग माना जाता है, वहां सुरक्षा व्यवस्था सबसे अधिक कड़ी कर दी गई है। भारी संख्या में उत्तराखंड पुलिस, आईटीबीपी और अन्य सुरक्षा बलों के जवान तैनात किए गए हैं। सीमा क्षेत्र में प्रवेश करने वाले प्रत्येक वाहन और व्यक्ति की गहन जांच की जा रही है।

निहंगों की संभावित आवाजाही को देखते हुए पुलिस ने देर रात से लेकर सुबह तक विशेष चेकिंग अभियान चलाया। नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में अलग-अलग पुलिस टीमें सक्रिय रहीं। क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत अंतरराज्यीय और अंतर्जनपदीय सीमाओं के साथ-साथ प्रमुख आंतरिक मार्गों पर भी सघन जांच की गई। पुलिस संदिग्ध परिस्थितियों में घूमने वाले लोगों से पूछताछ कर उनकी पहचान और सत्यापन संबंधी जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों को स्वयं मौके पर मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करने और हर गतिविधि पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने स्पष्ट किया है कि किसी भी समूह को आवश्यक जांच और अनुमति के बिना उत्तराखंड की सीमा में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियां सीमा क्षेत्र में होने वाली प्रत्येक गतिविधि पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

विकासनगर कोतवाली क्षेत्र के कुल्हाल बॉर्डर पर सबसे अधिक सख्ती देखने को मिल रही है। यहां आने-जाने वाले वाहनों की बारीकी से जांच की जा रही है। वाहन चालकों और यात्रियों के पहचान पत्रों की जांच के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। मौके पर एसपी देहात पंकज गैरोला, विकासनगर कोतवाल राजीव रौथाण समेत कई वरिष्ठ अधिकारी स्वयं मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। अधिकारियों द्वारा लगातार पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं। पुलिस ने हिमाचल प्रदेश को जोड़ने वाले अन्य महत्वपूर्ण मार्गों पर भी अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए हैं। विशेष रूप से डाकपत्थर पुल और डाकपत्थर बैराज क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। यह इलाका उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के बीच आवागमन का एक प्रमुख संपर्क मार्ग माना जाता है। इन क्षेत्रों में सीसीटीवी निगरानी, वाहन जांच और पैदल गश्त को बढ़ा दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए हैं।