उत्तराखण्डः आधी रात को नशे में धुत्त युवती का हाई-वोल्टेज ड्रामा! वीडियो वायरल, पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल

Uttarakhand: Heavily intoxicated young woman creates high-voltage drama at midnight! Video goes viral; questions raised over police action.

मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी में रविवार देर रात शराब के नशे में धुत एक युवती ने मॉल रोड से लेकर लाइब्रेरी पुलिस चौकी तक जमकर हंगामा किया। युवती द्वारा पुलिसकर्मियों से अभद्रता, गाली-गलौज और हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के अनुसार रात करीब तीन बजे दो युवक और दो युवतियां मॉल रोड पर घूम रहे थे। बताया जा रहा है कि एक युवती ने अत्यधिक शराब का सेवन कर लिया था और वह युवकों के नियंत्रण से बाहर हो गई। स्थिति बिगड़ने पर युवकों ने स्वयं पुलिस कंट्रोल रूम से मदद मांगी। सूचना पर पहुंची पुलिस युवती को लाइब्रेरी चौकी ले आई, लेकिन वहां भी उसने काफी देर तक हंगामा किया। प्रत्यक्षदर्शियों ने पूरे घटनाक्रम को मोबाइल में कैद कर लिया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि सार्वजनिक स्थान पर हंगामा करने और पुलिस से अभद्रता के बावजूद युवती के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यही हरकत कोई अन्य व्यक्ति करता तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज हो सकता था। कोतवाल देवेंद्र चौहान ने बताया कि युवती नशे की हालत में थी और उसके साथ मौजूद युवकों ने ही पुलिस से सहायता मांगी थी। पुलिस ने युवती को चौकी लाकर समझाया और स्थिति सामान्य होने पर उसे सुरक्षित घर भेज दिया। घटना के बाद सोशल मीडिया पर पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर बहस छिड़ गई है। लोगों का कहना है कि कानून का पालन सभी के लिए समान होना चाहिए और पर्यटन नगरी में सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह के हंगामे पर सख्त कार्रवाई जरूरी है।