उत्तराखण्डः नवरात्र के बीच बागेश्वर के बदियाकोट में मां भगवती मंदिर में लगी आग! मुख्य मंदिर को भारी नुकसान, श्रद्धालुओं में छाई मायूसी
बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के बदियाकोट स्थित मां भगवती मंदिर में आग लगने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। नवरात्र के बीच मंदिर में आग लगने की घटना से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में गहरी मायूसी है। आग की चपेट में आने से मंदिर के मुख्य हिस्से को भारी नुकसान पहुंचने की सूचना है। हालांकि, आग लगने के कारणों और नुकसान की वास्तविक स्थिति को लेकर फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बदियाकोट स्थित मां भगवती मंदिर क्षेत्र के लोगों की गहरी धार्मिक आस्था का केंद्र रहा है। पारंपरिक पहाड़ी स्थापत्य शैली में निर्मित यह मंदिर अपनी खूबसूरत और बारीक लकड़ी की नक्काशी के लिए भी जाना जाता था। मंदिर की कलात्मक बनावट पहाड़ की प्राचीन कला, संस्कृति और समृद्ध विरासत की पहचान रही है। ऐसे में मंदिर में आग लगने और मुख्य हिस्से को नुकसान पहुंचने की खबर से स्थानीय लोगों को गहरा आघात लगा है। नवरात्र के दौरान मां भगवती के मंदिर में आग लगने की घटना ने श्रद्धालुओं को चिंतित कर दिया है। जिस मंदिर में लोग मां के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते रहे हैं, वहां आग से हुए नुकसान की खबर ने सभी को भावुक कर दिया है। स्थानीय लोगों के लिए यह घटना केवल एक धार्मिक स्थल को नुकसान पहुंचने का मामला नहीं है, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक धरोहर से जुड़ा विषय भी है। फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। आग कैसे लगी, इसकी शुरुआत कहां से हुई और मंदिर के किस-किस हिस्से को कितना नुकसान पहुंचा है, इन सवालों के जवाब आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएंगे।