उत्तराखण्ड निकाय चुनावः मतगणना जारी! जानें कहां किसे मिली जीत और किसका पलड़ा लग रहा भारी?

किच्छा। उत्तराखण्ड में आज निकाय चुनाव को लेकर मतगणना हो रही है। इस बीच कई सीटों पर परिणाम सामने आ चुके हैं। बात लालपुर नगर पंचायत की करें तो यहां अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी बलविंदर कौर ने बाजी मार ली है।
वहीं देहरादून नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी सौरभ थपलियाल कांग्रेस के वीरेंद्र पोखरियाल से तकरीबन 8500 वोट से आगे चल रहे है।
इधर पुरोला में कांग्रेस के बिहारी लाल ने 697 मतों से अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की, वहीं नौगांव में भाजपा के विजय कुमार 1047 मतों से नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की, चिन्यालीसौड़ में निर्दलीय मनोज कोहली ने नगरपालिका अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की है।
उधर चमोली जिले के नगर पंचायत नंदप्रयाग में कांग्रेस प्रत्याशी पृथ्वी रौतेला ने अपने प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय प्रत्याशी पंकज सज्वाण को 30 वोटों से हरा दिया है।
इधर टिहरी नगर पालिका में निर्दलीय प्रत्याशी मोहन सिंह रावत ने एक बड़ी जीत हासिल की है। इस सीट पर भाजपा के पूर्व मंत्री दिनेश धनै, विधायक किशोर उपाध्याय, धन सिंह नेगी के प्रतिष्ठा दाव पर थी, लेकिन इस बार भी निर्दलीय ने बाजी मारकर अपना दबदबा बनाए रखा। अब तक इस सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी ही जीत हासिल करने में कामयाब रहे हैं।
इधर थराली नगर पंचायत सीट पर कांग्रेस की जीत हुई है।
उधर अल्मोड़ा नगर निगम के लिए दूसरे राउंड की मतगणना खत्म हो गयी है और अभीतक भारतीय जनता पार्टी के अजय वर्मा करीब 1400 वोटों से आगे चल रहे हैं।
इस बीच रुद्रपुर से भाजपा प्रत्याशी विकास शर्मा आगे चल रहे हैं। वहीं काशीपुर से भी भाजपा प्रत्याशी दीपक बाली बढ़त बनाए हुए हैं। हरिद्वार में भाजपा प्रत्याशी किरण जैसल आगे चल रही हैं। श्रीनगर से निर्दलीय प्रत्याशी पूनम तिवारी आगे चल रही है।