उत्तराखण्ड ब्रेकिंगः साइबर ठगों का आतंक! अब पीसीएस अफसर का खाता किया खाली, जांच में जुटा पुलिस महकमा

रुद्रपुर। उत्तराखंड में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं, साइबर ठगी ना हो इसके लिए जागरूकता अभियान अधिकारियों के द्वारा समय-समय पर चलाएं जा रहे हैं। लेकिन जब लोगों को जागरूक करने वाले अधिकारी ही साइबर ठगी का शिकार होंगे तो आम जनता का क्या हाल होगा। उधम सिंह नगर जनपद मुख्यालय रुद्रपुर में साइबर ठगों द्वारा एसडीएम रैंक के पीसीएस अफसर रुद्रपुर नगर निगम के मुख्य नगर अधिकारी नरेश चंद्र दुर्गापाल को निशाना बनाया है। जिसमें नरेश दुर्गापाल के खाते से साइबर ठगों द्वारा अलग-अलग दो खातों से 1 लाख 84 हजार रूपये की ठगी की गई है। रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने मुख्य नगर अधिकारी की तहरीर के आधार पर अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है और मुकदमे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई तहरीर में नरेश दुर्गापाल ने बताया कि उनके एक खाते से 29,000 और दूसरे खाते से 1,55,000 की धोखाधड़ी की गई है। एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है और जांच की जा रही है।