उत्तराखण्ड ब्रेकिंगः राजधानी दून में कांग्रेस का जबरदस्त विरोध प्रदर्शन! सीएम आवास कूच के दौरान पुलिस से तीखी नोकझोंक, हिरासत में लिए गए कई नेता

देहरादून। महिला उत्पीड़न के बढ़ते मामलों के विरोध में आज कांग्रेस ने सीएम आवास कूच किया। यहां हाथी बड़कला में पहले ही से ही मौजूद पुलिस ने कांग्रेसियों को बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इस दौरान कांग्रेसियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। विरोध प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत समेत तमाम कांग्रेसी पहुंचे थे। शनिवार को उत्तराखंड कांग्रेस महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता और वरिष्ठ नेताओं ने मुख्यमंत्री आवास कूच किया। इस दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।
कांग्रेस की रैली राजपुर रोड स्थित कांग्रेस भवन से होते हुए दिलाराम चौक और फिर हाथी बड़कला पहुंची। यहां पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी महिलाएं सड़क पर ही बैठ गई और प्रदेश में अपराध बढ़ने का आरोप लगाकर विरोध में नुक्कड़ नाटिका का मंचन किया। नुक्कड़ नाटक के समाप्त होने के बाद कांग्रेस की महिलाएं बैरिकेटिंग पर चढ़ गईं और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगीं। पुलिस ने मुख्यमंत्री आवास की तरफ कूच रहीं कांग्रेस की महिला प्रदर्शनकारियों को बलपूर्वक रोका। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस महिला कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
वहीं मामले को शांत करने के लिए पुलिस ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत, कांग्रेस प्रवक्ता गरिमा, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला, कांग्रेस प्रवक्ता शीशपाल बिष्ट समेत 30 से अधिक कार्यकर्ताओं और नेताओं को हिरासत में ले लिया। इस मौके पर पूर्व सीएम हरीश रावत ने महिला सुरक्षा को लेकर सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया सरकार महिलाओं को सुरक्षा देने में पूरी तरह से नाकाम साबित हुई है। उत्तराखंड में महिलाओं के खिलाफ लगातार अपराध बढ़ रहा है। अंकिता भंडारी को अभीतक न्याय नहीं मिला है।