उत्तराखण्डः देहरादून में ढाई दिन की बच्ची का देह दान! हृदय गति रूकने से हुई थी मौत, दधिचि देह दान समिति ने नाम दिया ‘सरस्वती’

देहरादून। राजधानी देहरादून के दून अस्पताल में ढाई दिन की बच्ची का देह दान किया गया। बताया जा रहा है कि हृदय गति रूकने से बच्ची का निधन हो गया था, जिसके बाद परिजनों ने बच्ची का देह दान किया। वहीं देश में इतनी कम उम्र में देह दान का यह पहला मामला बताया जा रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक बच्ची के हृदय में विकृति थी, जिसके चलते आज सुबह उसका निधन हो गया। बच्ची के पिता राम मिहर हरिद्वार में एक फैक्ट्री में कार्यरत हैं। मिली जानकारी के अनुसार हरिद्वार के डॉ. राजेंद्र सैनी ने परिवार को देह दान के लिए प्रेरित किया। जिसके बाद परिवार ने दधिचि देह दान समिति के मुकेश गोयल से संपर्क किया। समिति के माध्यम से आज सुबह बच्ची का देह दान किया गया। बच्ची के अंगों को दून मेडिकल कॉलेज के म्यूजिम में रखा जाएगा। जो वर्षों तक यहां संरक्षित रहेगा और लोगों को देह दान के प्रति जागरूक किया जाएगा। बच्ची का नाम समिति ने सरस्वती रखा है।