एक्शन में ऊधम सिंह नगर पुलिस! सुबह-सुबह बदमाशों के साथ मुठभेड़, दो आरोपी गिरफ्तार

रुद्रपुर। अपराध के खिलाफ ऊधम सिंह नगर पुलिस का एक्शन लगातार जारी है। पुलिस द्वारा लगातार अपराधियों पर शिकंजा कसा जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार सुबह पुलिस की एक बार फिर बदमाशों के साथ मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में दो आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आए हैं। जानकारी के मुताबिक रुद्रपुर के ब्लॉक रोड पर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान गोली लगने से बाइक सवार दो बदमाश घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह किच्छा रोड खेड़ा में एक व्यक्ति मॉर्निंग वॉक पर जा रहे थे। इसी बीच बाइक सवार दो युवकों ने उनसे सोने की चेन लूटने का प्रयास किया। शोर मचाने पर लोगों को एकत्र होता देख बाइक सवार बदमाश रुद्रपुर की तरफ भाग निकले। 112 में मिली सूचना के बाद रुद्रपुर पुलिस ने घेराबंदी कर दी। पुलिस को देख बाइक सवार बदमाश ब्लॉक रोड की ओर भाग निकले। जहां पुलिस को पीछे आते देख उन्होंने फायर करने शुरू कर दिए। जवाबी कारवाई में पुलिस ने भी फायर किया और दोनों को गोली लग गई। घायल दोनों बदमाशों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार किये गये, जिसमें आकाश पुत्र विशंभर दयाल और नासिर पुत्र बूंदन शाह हैं। गिरफ्तार दोनों बदमाशों पर राजस्थान, उत्तराखंड, उत्तरप्रदेश में कई मुकदमें दर्ज हैं।