दुखदः स्कूल से घर लौट रहे भाई-बहन पर ततैयों ने किया हमला! चार साल के मासूम की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

उत्तरकाशी। उत्तराखण्ड में ततैयों के हमलों के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। आए दिन ततैयों के हमले में लोगों को जान गंवानी पड़ रही है। ताजा मामला उत्तरकाशी के मांडिया गांव से सामने आया है, यहां स्कूल से घर लौट रहे भाई-बहन पर ततैयों ने हमला कर दिया। इसमें चार साल के भाई की मौत हो गई। जबकि उसकी बड़ी बहन की हालत गंभीर है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बता दें कि इससे एक दिन पहले ततैयों के हमले में टिहरी के जौनपुर ब्लॉक के रियाट गांव में एक 67 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई थी। जानकारी के मुताबिक मांडिया गांव में रहने वाले राजकुमार की 12 वर्षीय बेटी रिया पास के ही प्राथमिक विद्यालय मांडिया में पढ़ती है। शनिवार को राजकुमार अपने 4 वर्षीय बेटे रिहान को बेटी के पास स्कूल छोड़कर गए थे। बताया जा रहा है कि जब दोनों स्कूल से घर लौट रहे थे तो ततैयों के झुंड ने हमला कर दिया। इस दौरान जहां पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना परिजनों को दी। आनन-फानन में परिजनों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने रिहान को मृत घोषित कर दिया। खबरों के मुताबिक स्कूल के समीप एक पेड़ पर ततैयों का छत्ता लगा था। इसे किसी ने छेड़ दिया था। इससे ततैये आक्रोशित हो गए और दोनों बच्चों पर हमला कर दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य रजन लाल ने कि रिया के पिता उसके भाई को उसके पास छोड़कर गए थे। स्कूल की छुट्टी के बाद जाते समय यह घटना हुई। घटना से परिवार सहित गांव में शोक की लहर है।