नीट परीक्षा से 24 घंटे पहले हादसा: कोटा में हॉस्टल की तीसरी मंजिल से गिरकर उत्तराखंड के छात्र की मौत,परिजनों में मचा कोहराम
कोटा। देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा 'नीट-यूजी' के आयोजन से ठीक एक दिन पहले कोचिंग सिटी कोटा से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहाँ के कुन्हाड़ी इलाके में रहकर तैयारी कर रहे उत्तराखंड के एक 20 वर्षीय छात्र की हॉस्टल की तीसरी मंजिल की बालकनी से गिरकर मौत हो गई। छात्र रविवार को होने वाली परीक्षा में बैठने वाला था, लेकिन उससे पहले ही उसकी जीवनलीला समाप्त हो गई।
पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार सुबह की है। कुन्हाड़ी थाना अधिकारी देवेश भारद्वाज ने बताया कि सुबह करीब 6:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक छात्र हॉस्टल की तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया है। पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो छात्र लहूलुहान हालत में हॉस्टल के बाहर पड़ा हुआ था। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक छात्र की पहचान 20 वर्षीय दीक्षित प्रसाद के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तराखंड का रहने वाला था। दीक्षित पिछले दो सालों से कोटा में रहकर मेडिकल की कोचिंग कर रहा था। रविवार को उसका नीट का एग्जाम था, जिसकी वह लंबे समय से तैयारी कर रहा था। पुलिस इस मामले की हर कोण से जांच कर रही है कि यह महज एक हादसा है, आत्महत्या है या फिर इसके पीछे कोई और कारण। पुलिस ने छात्र के कमरे को फिलहाल सीज कर दिया है। प्रारंभिक तलाशी में कमरे से कोई सुसाइड नोट या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। थाना अधिकारी ने बताया कि छात्र के परिजनों को उत्तराखंड सूचना दे दी गई है। उनके कोटा पहुंचने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पुलिस हॉस्टल में लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य छात्रों से भी पूछताछ कर रही है ताकि घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ा जा सके। परीक्षा से ठीक पहले हुई इस मौत ने एक बार फिर कोचिंग संस्थानों में पढ़ रहे छात्रों के मानसिक दबाव और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, इस मामले में अभी तक किसी दबाव की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन परीक्षा की दहलीज पर एक होनहार छात्र का जाना पूरे शहर और साथियों के लिए स्तब्ध करने वाला है।