ये हैं हालातः चोरों की बेखौफी का आलम! नैनीताल में महिला पुलिसकर्मी के 8 लाख के जेवर उड़ाए, सफर के दौरान काट दिया ट्रॉली बैग

हल्द्वानी। प्रदेश में चोरों के हौंसले इस कदर बुलंद है कि वह अब पुलिस कर्मियों को निशाना बनाने से भी नहीं चूक रहे हैं। जी हां, चोरी की घटनाओं को रोकने वाली पुलिस भी अब चोरों के निशाने पर हैं। नैनीताल के हल्द्वानी से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। चोरों ने महिला पुलिसकर्मी को निशाना बनाते हुए उसके लाखों के जेवर पार कर लिए। जब महिला पुलिसकर्मी को इसका पता चला तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। खबरों के मुताबिक पीड़ित महिला पुलिसकर्मी बनभूलपुरा थाना में तैनात है। महिला पुलिस कर्मी ने हल्द्वानी कोतवाली में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। जानकारी के अनुसार हल्द्वानी पुलिस फैमिली क्वार्टर में रहने वाली एक महिला पुलिसकर्मी तीन नवंबर को अपनी बहन के साथ काशीपुर से हल्द्वानी आ रही थीं। वह सुबह रोडवेज बस से निकली थीं। उनके पास एक ट्रॉली बैग था। बैग में ही एक हैंड बैग भी रखा था जिसमें सोने की नथ, सोने का मांगटीका, झुमके, अंगूठी समेत कई जेवर थे। जिनकी कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई जा रही है। बताया जाता है कि बस वाया रामनगर, कालाढूंगी होते हुए सुबह 11 बजे हल्द्वानी बस स्टेशन पहुंची। महिला सिपाही ने बताया कि कमरे में जाकर जब उन्होंने बैग देखा तो पता चला कि उसमें जेवर वाला हैंड बैग नहीं था। ट्रॉली बैग में चेन के पास बैग कटा हुआ था। बैग कटा हुआ देख उसके होश उड़ गए। आनन फानन महिला पुलिस हल्द्वानी कोतवाली पहुंची और चोरी की घटना की जानकारी दी। महिला पुलिस कर्मी ने आशंका जताई है कि चोरों ने घटना को अंजाम रामनगर से हल्द्वानी के बीच में दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।