सनसनीखेजः नैनीझील में उतराता मिला युवक का शव! मार्निंग वॉक पर निकले लोगों ने देखा, आत्महत्या की आशंका

Sensational: Young man's body found floating in Naini Lake! Spotted by morning walkers; suicide suspected.

नैनीताल। नैनीताल की प्रसिद्ध नैनीझील में शुक्रवार सुबह एक 45 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना ठंडी सड़क क्षेत्र की है, जहां सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने झील में एक शव उतराता हुआ देखा। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना पर मल्लीताल पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को झील से बाहर निकाला। पुलिस ने मौके पर शव की तलाशी ली, जिसमें मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान मल्लीताल के बड़ा बाजार निवासी 45 वर्षीय मनीष के रूप में हुई। पहचान होने के बाद पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दी। इसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए एंबुलेंस के माध्यम से मोर्चरी भिजवा दिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गुरुवार देर रात युवक किसी पारिवारिक बात को लेकर नाराज था। बताया जा रहा है कि वह देर रात घर से निकल गया और इसके बाद ठंडी सड़क क्षेत्र पहुंचकर नैनीझील में छलांग लगा दी। हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो.-रोकर बुरा हाल है। वहीं सुबह झील में शव मिलने की खबर फैलते ही क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक किसी भी तरह के निष्कर्ष पर नहीं पहुंचने की अपील की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है।