रुद्रपुरः जिला पंचायत सदस्य रेनू गंगवार की बढ़ सकती हैं मुश्किलें! चुनाव में कथित झूठा हलफनामा देने और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे के आरोप, एडीएम ने बैठाई जांच
रुद्रपुर। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष व वर्तमान जिला पंचायत सदस्य रेनू गंगवार के खिलाफ झूठा शपथ पत्र देकर चुनाव जीतने और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप लगा है। मामले में एडीएम ने जांच किच्छा एसडीएम व जिला पंचायत राज अधिकारी को सौंप दी है। रेनू गंगवार वार्ड संख्या-17 मंगा की जिला पंचायत सदस्य है। एडीएम कार्यालय से चार जुलाई को जारी पत्र संख्या 210 के मुताबिक भदईपुरा, रुद्रपुर निवासी राजेश सिंह ने 27 जून को शिकायत पत्र दिया था। शिकायत में जिला पंचायत सदस्य रेनू गंगवार पर छह बिंदुओं पर आरोप लगाए गए हैं। शिकायत पत्र में कहा गया कि बिंदु संख्या दो, पांच और छह में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने का आरोप है। इस संबंध में जांच के आदेश एसडीएम किच्छा को दिए गए हैं। इसके अलावा बिंदु संख्या तीन और चार में गलत शपथ पत्र प्रस्तुत कर निर्वाचित होने का आरोप लगाया गया है। इसकी जांच जिला पंचायत राज अधिकारी से विधिक कार्रवाई करने को कहा गया है। एडीएम कौस्तुभ मिश्रा ने शिकायती पत्र मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इसकी जांच के लिए संबंधित अधिकारियों को कहा गया है।