गणतंत्र दिवसः उत्तराखण्ड में हर तरफ उत्साह और उल्लास! राजधानी में भव्य कार्यक्रम, राज्यपाल और मुख्यमंत्री धामी ने दीं शुभकामनाएं

 Republic Day: Excitement and joy everywhere in Uttarakhand! Grand program in the capital, Governor and Chief Minister Dhami gave best wishes

देहरादून। देशभर में आज 76वें गणतंत्र दिवस की धूम मची हुई है। इस दौरान राजधानी दिल्ली समेत तमाम राज्यों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में उत्तराखण्ड में गणतंत्र दिवस को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। यहां जगह-जगह पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। राजधानी देहरादून के परेड ग्राउण्ड में गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल ले. जनरल गुरमीत सिंह ने परेड की सलामी ली। साथ में सीएम धामी भी मौजूद रहे। वहीं इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने सभी को संविधान की उद्देशिका की शपथ भी दिलाई और प्रदेशभवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। वहीं देहरादून परेड ग्राउण्ड में कई विभागों की झांकियां भी निकाली गई। छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। इस मौके पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने कहा कि आज हमारी पहचान केवल आर्थिक य सैन्य ताकत तक सीमित नहीं है। हमारी उपलब्धियां अब विज्ञान, तकनीक, खेल एवं संस्कृति में भी अद्वितीय हैं। राज्यपाल ने देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, वीर शहीदों को स्मरण कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, भारतीय संविधान के प्रमुख शिल्पी बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान निर्माताओं को भी नमन किया है। राज्यपाल ने कहा कि हमने देश की आजादी के शताब्दी वर्ष 2047 तक भारतवर्ष को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है। हम इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। आज का नया भारत हर क्षेत्र में प्रगति करते हुए वैश्विक मंच पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में से एक बनना भारत की तेज प्रगति का सूचक है। हाल के वर्षों में हमने मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों के माध्यम से उत्पादन और निर्यात को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है।